श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना शुरू, कक्षा 6वीं से 12वीं तक मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा
रायपुर : श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कक्षा 6वीं से 12वीं तक आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ उन छात्र-छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने कक्षा 5वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो और मेरिट सूची के शीर्ष 10 विद्यार्थियों में स्थान प्राप्त किया हो। विद्यार्थियों का चयन कोरम समितियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक शुल्क, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, छात्रावास, भोजन सहित शिक्षा से जुड़े सभी खर्चों का वहन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित श्रमिक का मंडल में कम से कम एक वर्ष पूर्व से पंजीकृत होना आवश्यक है। इसके साथ ही विद्यार्थी का कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए पात्र होना अनिवार्य होगा।
आवेदन के साथ जीवंत श्रमिक पंजीयन कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, अंकसूची, अध्ययन प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया मोबाइल ऐप, जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्रों और नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से पूरी की जा सकेगी।
यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।