CJP के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन जंतर-मंतर पर डटे, शिक्ष... - CG Sandesh

CJP के प्रदर्शनकारी लगातार तीसरे दिन जंतर-मंतर पर डटे, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शनकारी सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखे हुए हैं। यह धरना प्रदर्शन शनिवार दोपहर शुरू हुआ था और रातभर जारी रहा। प्रदर्शनकारी पुलिस की तैनाती के बीच मौके पर डटे रहे। रात में कुछ लोग प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों को भोजन और पीने के लिए पानी देते भी देखे गए। 

रविवार को प्रदर्शन स्थल पर नारेबाज़ी, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का माहौल देखने को मिला, जहां समर्थक तालियां बजाते, डफली बजाते और देशभक्ति गीत गाते नजर आए। आयोजकों के अनुसार, शाम तक स्थल पर 200 से अधिक लोग एकत्र हो चुके थे।

कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और परीक्षा विवाद को लेकर जवाबदेही की कमी का आरोप लगाया है।

उन्होंने उन छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग की, जिन्होंने कथित तौर पर पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर ली। रविवार को दीपके ने अधिकारियों से अपील की कि प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने में कोई पाबंदी न लगाई जाए और सार्वजनिक शौचालयों में पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। प्रदर्शनकारियों ने पहले बुनियादी सुविधाओं में बाधा की शिकायत की थी, हालांकि बाद में उन्होंने बताया कि पीने के पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें