CG : सिर कुचलकर युवक की हत्या, इलाके में फैली सनसनी
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। खमतराई थाना क्षेत्र की WRS कॉलोनी में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक का शव खुले मैदान में खून से लथपथ हालत में पड़ा होने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि युवक की सिर पर भारी पत्थर से वार कर बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
हाथ पर ‘RK सारथी’ का नाम
पुलिस जांच में मृतक के दाहिने हाथ पर ‘RK सारथी’ नाम का गुदना (टैटू) मिला है। इसी आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुम इंसान की जानकारी भी जुटा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में आशंका है कि युवक की हत्या कहीं और नहीं बल्कि घटनास्थल पर ही की गई है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।