रायपुर में बड़ा सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से युवक गंभीर घा... - CG Sandesh

रायपुर में बड़ा सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से युवक गंभीर घायल, एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस

रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी ओल्ड बस स्टैंड के पास शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। हादसे में बोलेरो वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि घायल युवक के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई और घुटनों के नीचे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा यातायात थाना पंडरी के ठीक सामने हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक रॉन्ग साइड से आ रहा था, तभी बोलेरो वाहन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और दर्द से तड़पता रहा।

हादसे के बाद सबसे बड़ी लापरवाही स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की सामने आई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद तक भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल युवक दर्द से कराहता रहा। मौके पर डायल-112 की टीम मौजूद थी और लगातार एंबुलेंस को सूचना दी जा रही थी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

घटना से आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने कहा कि राजधानी के व्यस्त इलाके और यातायात थाना के सामने हुए हादसे में यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती तो घायल को जल्द उपचार मिल सकता था। लोगों ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, एंबुलेंस के विलंब से पहुंचने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



अन्य सम्बंधित खबरें