छत्तीसगढ़ के किसानों को राहत, अब खाद लेने के लिए टोकन की जरूरत नहीं
रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश सरकार ने खाद खरीदी प्रक्रिया को आसान बनाते हुए टोकन व्यवस्था खत्म करने का फैसला लिया है। अब प्रदेश के किसानों को खाद लेने के लिए टोकन की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। वे अपनी जरूरत के अनुसार एक ही बार में पर्याप्त मात्रा में खाद प्राप्त कर सकेंगे।
राज्य सरकार का दावा है कि प्रदेश में खाद का पर्याप्त भंडारण कर लिया गया है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। इससे पहले खाद की उपलब्धता और वितरण को व्यवस्थित करने के लिए किसानों को तीन चरणों में टोकन के माध्यम से खाद देने की व्यवस्था लागू की गई थी।
खाद का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
इस संबंध में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जब प्रदेश में खाद की समस्या थी, तब टोकन व्यवस्था लागू की गई थी ताकि सभी किसानों तक खाद की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया है। इसलिए अब किसानों को बार-बार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और वे एक ही बार में अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद ले सकेंगे।