छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव, महासमुंद ... - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ में पहली बार राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव, महासमुंद सहित कई जिलों के किसानों ने साझा किए अनुभव

जांजगीर-चाम्पा जिले के बहेराडीह स्थित वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू किसान स्कूल में राज्य स्तरीय मशरूम महोत्सव का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित इस महोत्सव में जांजगीर-चाम्पा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, बस्तर, महासमुंद और धमतरी सहित 7 जिलों के किसान एवं मशरूम उत्पादक बड़ी संख्या में शामिल हुए। वहीं, ओडिशा से भी कई किसान इस महोत्सव में पहुंचे। महोत्सव के दौरान किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। 

कृषि वैज्ञानिकों ने मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, रोजगार की संभावनाओं और वैज्ञानिक खेती पर जानकारी साझा की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों के 10 उत्कृष्ट मशरूम उत्पादकों को 'मशरूम मित्र सम्मान' से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप, जिला पंचायत सभापति उमा राजेंद्र राठौर तथा बलौदा जनपद पंचायत सभापति चुड़ामणि राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

महोत्सव में किसानों ने मशरूम उत्पादन से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। साथ ही मशरूम की खेती को स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बताते हुए इसके आर्थिक लाभों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से धान के पैरा (पराली) का उपयोग मशरूम उत्पादन में करने और पराली जलाने की बजाय उसका सदुपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मशरूम उत्पादकों ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा कर उत्पादन बढ़ाने और इस खेती को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें