कांग्रेस जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, पवन खेरा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
रायपुर : कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रविवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेरा ने जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए देश के समकालीन मुद्दों, केंद्र सरकार की नीतियों और भाजपा-आरएसएस की कार्यशैली पर व्याख्यान दिया।
अपने संबोधन में पवन खेरा ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, महंगाई, बेरोजगारी, विदेश नीति और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान भारत की विदेश नीति मजबूत थी, जबकि वर्तमान सरकार इन मोर्चों पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र सभी जिला अध्यक्षों को प्रदान किए।
समापन कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव, प्रभारी सचिव एस.ए. संपत कुमार, जरिता लैतफ्लांग, विजय जांगिड़, धनेन्द्र साहू, मलकीत सिंह गैदू तथा प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस के अनुसार, 10 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट, अलका लांबा, शशिकांत सेंथिल, वामची रेड्डी, सौरभ वाजपेयी, भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, दीपक बैज, डॉ. चरणदास महंत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए।
शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों ने विभिन्न गांवों का फील्ड विजिट भी किया और श्रमदान कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। कांग्रेस का कहना है कि प्रशिक्षण का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना तथा जिला नेतृत्व की कार्यक्षमता बढ़ाना है।