CG: नकटी गांव में विधायक कॉलोनी का विरोध, कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने CM साय को पत्र लिखकर नया रायपुर में निर्माण का किया आग्रह
रायपुर। राजधानी के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। बिंद्रानवागढ़ से कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव के बजाय नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग की है।
विधायक जनक राम ध्रुव ने अपने पत्र में कहा है कि सैकड़ों ग्रामीणों को विस्थापित कर बनाई जाने वाली कॉलोनी में रहना उचित नहीं होगा। उन्होंने सरकार से नकटी गांव को इस परियोजना से बाहर रखते हुए नवा रायपुर में उपलब्ध सरकारी भूमि पर विधायक कॉलोनी विकसित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी जमीन उपलब्ध है, ऐसे में ग्रामीणों को उजाड़ने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री से उन्होंने ग्रामीणों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित योजना पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण को लेकर पहले से ही विवाद बना हुआ है। कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार राज्य सरकार को घेर रही है और ग्रामीणों के संभावित विस्थापन का विरोध कर रही है। जनक राम ध्रुव के पत्र के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है।