CG : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी
महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना किरंदुल द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। विभाग ने पात्र एवं इच्छुक स्थानीय महिलाओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। परियोजना कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर चोलनार अंतर्गत ग्राम पंचायत चोलनार के सरपंचपारा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक रिक्त पद तथा ग्राम पंचायत हिरोली के स्कूलपारा में आंगनवाड़ी सहायिका का एक रिक्त पद भरा जाना है। इन पदों के लिए निर्धारित पात्रता रखने वाली स्थानीय महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इसके साथ ही, परियोजना के सेक्टर बुरगुम अंतर्गत ग्राम पंचायत मूलेर के कामापारा में आंगनवाड़ी सहायिका के एक रिक्त पद के लिए पूर्व में जारी विज्ञापन के बावजूद निर्धारित समयावधि में आवेदन प्राप्त नहीं होने के कारण विभाग द्वारा संशोधित विज्ञापन पुनः जारी किया गया है। अब इस पद के लिए भी पात्र महिलाओं को आवेदन प्रस्तुत करने का एक और अवसर प्रदान किया गया है।महिला एवं बाल विकास विभाग ने संबंधित क्षेत्रों की पात्र महिलाओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। साथ ही, अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों तक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से विज्ञापन का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने की भी बात कही गई है।