CG : रात के समय में नकटी में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए - बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। वहीं इसी बीच सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बड़ा बयान दिया है। सांसद अग्रवाल ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि रात के अंधेरे में पहुंचकर तोड़फोड़ करना पूरी तरह गलत है और ऐसा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सांसद बृजमोहन ने कहा कि मुझसे बातचीत के बाद भी जो लोगों के घरों में तोड़फोड़ की गई वह किसी भी हालत में माफ करने लायक नहीं है। रात के अंधेरे में इस तरह की कार्रवाई करना गलत है। जिन अधिकारियों ने यह दुस्साहस किया है, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों से मैं लगातार प्रयास कर रहा था कि इस समस्या का समाधान। नकटी गांव के लोगों के साथ मैं पहले भी था अब भी और कल भी रहूंगा। जिन अधिकारियों और लोगों ने यह दृष्टा की है उनके खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि जिस विषय को जहां रखना होता है मैं वहां अपनी बात रखता हूं। नकटी गांव में बेदखली की कार्रवाई को लेकर पहले से ही स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं अब इस मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
बता दें कि रायपुर के माना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने करीब 80 मकान तोड़ दिए गए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास के लगभग 32 घर भी शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई से पहले रविवार देर रात से ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और करीब 1000 से अधिक जवानों की मौजूदगी में सुबह जेसीबी मशीनों के साथ टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान कई ग्रामीण मशीनों के सामने आकर विरोध करते नजर आए, जिससे पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई।
वहीं, कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने धरना भी दिया। उनका कहना है कि दो दिन पहले सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आश्वासन दिया था कि बारिश के मौसम में किसी भी मकान को नहीं तोड़ा जाएगा, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई कर दी गई। इससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला।