रायपुर नगर निगम के 11 नव-नामांकित एल्डरमेन ने ली शपथ, संभाली... - CG Sandesh

रायपुर नगर निगम के 11 नव-नामांकित एल्डरमेन ने ली शपथ, संभाली नई जिम्मेदारी

रायपुर नगर निगम में गुरुवार को नव-नामांकित 11 एल्डरमेन (पार्षद) ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू किया। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समारोह में सभी एल्डरमेन को ईश्वर के नाम पर सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।

छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा नामांकित एल्डरमेन में रामकिंकर सिंह, विनय ओझा, मनीष करडभुजे, मित्रसेन धीमान, राजू राधवानी, गोपाल सोना, बी. श्रीनिवास राव, गोपी साहू, विक्रम सिंह ठाकुर, ऋषि साहू सहित कुल 11 सदस्य शामिल हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी ने नगर निगम के विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

शपथ ग्रहण समारोह में महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, निगम आयुक्त संबित मिश्रा, शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षद, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, निगम सचिव संगीता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह के बाद महापौर, सभापति, कलेक्टर, आयुक्त और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सभी नव-नामांकित एल्डरमेनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान नगर निगम के विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा व्यक्त की गई।

नगर निगम प्रशासन का मानना है कि अनुभवी एल्डरमेनों की नियुक्ति से निगम की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी और शहर के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े निर्णयों में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।



अन्य सम्बंधित खबरें