नियमितीकरण की मांग पर बिजली संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, ... - CG Sandesh

नियमितीकरण की मांग पर बिजली संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन, आंखों पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

रायपुर : छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर प्रदेशभर के बिजली संविदा कर्मचारियों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को नवा रायपुर के तूता स्थित धरना स्थल पर कर्मचारियों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर विरोध-प्रदर्शन किया और विभाग में समायोजन कर नियमितीकरण की अपनी एक सूत्रीय मांग को दोहराया।

संघ के अनुसार, बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी 1 जुलाई से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से विद्युत विभाग में सेवाएं देने के बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है, जिससे उनके भविष्य और रोजगार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि सरकार और पावर कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी संघ के महामंत्री कमलेश भारद्वाज ने कहा कि जब तक संविदा कर्मचारियों का विद्युत विभाग में समायोजन कर नियमितीकरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल कर्मचारियों की नौकरी का मुद्दा नहीं, बल्कि करीब 3 हजार संविदा कर्मचारियों और उनके परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक भविष्य से जुड़ा विषय है।

नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर आयोजित इस अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में संघ के अध्यक्ष हरिचरण साहू, महामंत्री कमलेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर उनकी लंबे समय से लंबित मांग पूरी करने की अपील की है।



अन्य सम्बंधित खबरें