16 दिन बाद खत्म हुआ बिजली संविदा कर्मचारियों का आंदोलन, विधा... - CG Sandesh

16 दिन बाद खत्म हुआ बिजली संविदा कर्मचारियों का आंदोलन, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के आश्वासन के बाद बनी सहमति

रायपुर : छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ का पिछले 16 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन मंगलवार को समाप्त हो गया। संघ ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पावर कंपनी के उच्च प्रबंधन के साथ हुई सकारात्मक चर्चा तथा नियमितीकरण/समायोजन की मांग पर मिले आश्वासन के बाद आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

संघ के प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष हरी चरण साहू, प्रदेश महामंत्री कमलेश भारद्वाज, संयुक्त महामंत्री योगेश साहू, पूर्व महामंत्री उमेश पटेल, प्रदीप राठौर, बाल कृष्ण, अमित साहू, विजय साहू और योगेश चौहान शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर संविदा कर्मचारियों की एक सूत्रीय मांग नियमितीकरण/समायोजन पर विस्तार से चर्चा की।

संघ के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस विषय पर शासन एवं पावर कंपनी प्रबंधन स्तर पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव से दूरभाष पर चर्चा कर मांगों की समीक्षा कर शीघ्र समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

संघ ने कहा कि प्रदेशहित और बिजली उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए आंदोलन तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जा रहा है। संगठन ने उम्मीद जताई कि शासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई होगी।

संघ ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी संविदा कर्मचारियों से बुधवार से अपने-अपने कार्यस्थलों पर पूर्ववत ड्यूटी जॉइन करने और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की अपील की है।

आंदोलन समाप्त होने पर संघ द्वारा बताई गई प्रमुख उपलब्धियां

  • निशर्त कार्य पर वापसी
  • आंदोलन अवधि के वेतन कटौती में राहत
  • बीमा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ
  • शासन का विश्वास एवं सम्मान प्राप्त होना


अन्य सम्बंधित खबरें