CG : कम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता - CG Sandesh

CG : कम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता

कम बारिश से पिछड़ी धान की रोपाई, किसानों की बढ़ी चिंता। एंकर कांकेर। कोयलीबेड़ा क्षेत्र में कम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान की खेती इस बार लगातार पिछड़ती जा रही है। रोपाई के लिए धान की नर्सरी तैयार है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में रोपाई शुरू नहीं हो पा रही। जिस समय खेत धान की हरियाली से लहलहाते नजर आते थे, इस बार अधिकांश खेत सूने पड़े हैं। 

किसान असमंजस में हैं कि खुर्रा बुवाई करें, लाई चोपा करें या फिर रोपा लगाएं। लगातार बदलते मौसम ने खेती की पूरी योजना प्रभावित कर दी है और किसान सिर्फ अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। कृषक पवन वड्डे का कहना है कि इस बार मौसम की बेरुखी के कारण धान की बुवाई काफी पिछड़ गई है और आगे क्या होगा, यह समझ नहीं आ रहा। 

वहीं कृषक महेंद्र ठाकुर का कहना है कि कोयलीबेड़ा क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की खेती पर निर्भर हैं, लेकिन कम बारिश ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इधर कृषि विभाग ने भी कम बारिश के कारण धान की खेती प्रभावित होने की बात स्वीकार की है। वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी नवलु नेताम ने किसानों को कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों के साथ-साथ दलहन और तिलहन की खेती अपनाने की सलाह दी है। 

उन्होंने बताया कि इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को शासन की योजना के तहत प्रति एकड़ 10 से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी मिल सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र के किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में यदि पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो इस बार धान उत्पादन पर बड़ा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें