नहीं थम रहा है हाथियों का उत्पात,  पुनरू 10 एकड़ फसल को किया ... - CG Sandesh

नहीं थम रहा है हाथियों का उत्पात, पुनरू 10 एकड़ फसल को किया बर्बाद

सरायपाली. सिंघोड़ा वन परिक्षेत्र में हाथियों का उत्पात रूकने का नाम ही नहीं ले रहा है. प्रतिदिन वे क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं और जंगल के किनारे स्थित अलग-अलग गांवों के खेतों में उत्पात मचा रहे हैं. हाथियों के झुण्ड को खदेड़ने में वन विभाग भी नाकाम साबित हो रहा है. महासमुंद में विगत कुछ माह पूर्व हाथियों पर अंकुश लगाने के लिए बाहर से कुनकी हाथी मंगवाया गया था. सिंघोड़ा क्षेत्र में भी किसानों के द्वारा कुनकी हाथी की आवश्यकता महसूस की जा रही है.

वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार आज 21 सितंबर को हाथियों का झुण्ड कंवरपाली एवं घेंसपाली के 26 किसानों का लगभग 10 एकड़ धान की फसल को रौंदते हुए जंगल की ओर निकल गया. विगत 4 सितंबर से शुरू हुए हाथियों का उत्पात अब तक जारी है.

तड़के सुबह खेत की ओर फसल देखने के लिए जाने वाले किसान भी अब हाथियों के डर से सुबह होने का इंतजार करते हैं. जंगल की ओर तो ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है. ग्रामीणों द्वारा फसल को बचाने के लिए किए जा रहे उपाय भी नाकाम साबित हो रहे हैं. अब किसान भी खेतों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दिए हैं.

हाथियों का झुण्ड विगत 15 दिनों से सक्रिय होने के बावजूद अभी तक किसी भी गाँव के भीतर प्रवेश नहीं किए हैं और न ही ग्रामीणों को किसी तरह का नुकसान पहुँचाये हैं. इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी केवल धान की लहलहाती फसलों की ओर ही आकर्षित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है.  सुबह तड़के हाथियों के झुण्ड को जंगल की ओर जाते हुए कुछ ग्रामीणों द्वारा उनका वीडियो भी बनाया गया है.

इस संबंध में डिप्टी रेंजर श्री पैंकरा ने बताया कि कल हाथियों का दल गाँव में घुसने का प्रयास कर रहा था, जिन्हें खदेड़ा गया. रात्रि 10 बजे के बाद ही हाथियों का झुण्ड जंगल से खेतों की ओर पहुँचते हैं और सुबह 3 से 5 बजे के बीच वापस लौट जाते हैं. धान फसल के अलावा अब तक उनके द्वारा किसी और को नुकसान नहीं पहुँचाया गया है. ग्रामीणों को सतर्क कर बचने के उपाय बताए जा रहे हैं.

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें