सरायपाली : दर्राभाठा स्कूल में विद्यार्थियों को आई कार्ड, बेल्ट एवं टाई का वितरण
शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा संकुल बैदपाली में विद्यार्थियों में अनुशासन, एकरूपता एवं विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को आई कार्ड, बेल्ट एवं टाई का वितरण किया गया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। आई कार्ड से विद्यार्थियों की विद्यालयीन पहचान सुनिश्चित होगी, वहीं बेल्ट एवं टाई से विद्यार्थियों की वेशभूषा में एकरूपता और अनुशासन की भावना को बढ़ावा मिलेगा। सामग्री प्राप्त कर बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान पाठक हृदयराम साव ने विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, नियमित रूप से विद्यालय आने तथा अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पहचान एवं अनुशासित वेशभूषा विद्यालयी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
इस अवसर पर शिक्षक जयंत बारीक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों को सामग्री वितरण में सहयोग किया। विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर शैक्षणिक प्रगति की कामना की। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।