खाद्य सुरक्षा मानकों में खामियां, डोमिनोज और वेदांश फूड इंडस्ट्रीज का लाइसेंस सस्पेंड
महासमुंद : खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर खाद्य एवं औषधि विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने महासमुंद स्थित डोमिनोज पिज्जा और ग्राम बिरकोनी स्थित वेदांश फूड इंडस्ट्रीज का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रख-रखाव और स्वच्छता से जुड़ी कई खामियां सामने आई थीं।
डोमिनोज में वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में लापरवाही
महासमुंद स्थित डोमिनोज पिज्जा, जिसका संचालन जुबिलेंट फूडवर्क लिमिटेड द्वारा किया जाता है, के निरीक्षण में कच्चे और पके खाद्य पदार्थों के साथ-साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के उचित पृथक्करण की कमी पाई गई। इससे क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा सामने आया। इसके अलावा मांसाहारी खाद्य पदार्थों के थॉइंग और भंडारण में भी लापरवाही पाई गई।
वेदांश फूड इंडस्ट्रीज में भी मिलीं कई खामियां
ग्राम बिरकोनी स्थित वेदांश फूड इंडस्ट्रीज के निरीक्षण में पैकेजिंग सामग्री के भंडारण, पेस्ट कंट्रोल, अपशिष्ट निस्तारण और फूड हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं।
इन खामियों को देखते हुए खाद्य एवं औषधि विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों की खाद्य अनुज्ञप्तियां निलंबित कर दी हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों का खाद्य कारोबार पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान केवल कमियों में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई की अनुमति होगी।
त्योहारी सीजन में मिठाई दुकानों की भी होगी जांच
खाद्य विभाग ने त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई और कन्फेक्शनरी प्रतिष्ठानों की भी सघन जांच करने की बात कही है। विभाग का कहना है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।