महासमुंद : जनदर्शन में कलेक्टर लंगेह ने सुनी आमजनों की समस्याएं, दिए निराकरण के निर्देश, जनदर्शन में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर लंगेह ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनदर्शन में महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैरा की 70 वर्षीय गंगाबाई ने आदिम जाति विकास विभाग से आर्थिक सहायता हेतु आवेदन किया। श्रीमती गंगा बाई ने बताया कि उनका जीवन यापन बांस का बर्तन बनाकर बेचने से होता हैं, इस वर्ष उन्हें बांस नहीं मिल पाया है जिससे आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। इस पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आदिम जाति विकास विभाग को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।
इसी तरह ग्राम कांपा निवासी उमेश कुमार तारक ने एग्रीस्टेक पंजीयन हेतु, ग्राम लाफिनकला निवासी सुखराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि प्रदाय करने, बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवरी के राकेश चंद्राकर ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम अरंड की पार्वती साहू ने अपने गैस कार्ड में दर्ज आधार नंबर सुधार हेतु, ग्राम सुखीडबरी के मोहन लाल महोबिया ने खेत में फसल डूबने से क्षतिपूर्ति राशि प्रदाय करने हेतु, बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिधली निवासी सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता राशि प्रदाय करने हेतु आवेदन किया।
इसके अलावा नामान्तरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।