महासमुंद : 200 फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं के लिए विशेष निःशुल्क खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, महासमुंद द्वारा महासमुंद में लगभग 200 फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं के लिए विशेष निःशुल्क खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय “सर्व सेफ फूड : सुरक्षित भोजन परोसना एवं बेचना” रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों की सुरक्षित एवं स्वच्छ तैयारी, रख-रखाव, भंडारण तथा ग्राहकों को सुरक्षित भोजन परोसने के संबंध में व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था। साथ ही खाद्य जनित बीमारियों की रोकथाम, व्यक्तिगत एवं खाद्य परिसर की स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन तथा उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ाने के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री शंखनाद भोई उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि खाद्य विक्रेताओं के दैनिक व्यवहार में सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य प्रथाओं को शामिल कराना है।
उन्होंने कहा कि फुटपाथ खाद्य विक्रेता बड़ी संख्या में लोगों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराते हैं। इसलिए उनके द्वारा व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ उपकरणों का उपयोग, सुरक्षित पेयजल, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण तथा संदूषण से बचाव जैसे उपायों का पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी विक्रेताओं से प्रशिक्षण में बताए गए खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का नियमित रूप से पालन करने की अपील की।
प्रशिक्षण में खाद्य सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी FoSTaC ट्रेनर श्री विशाल आनंद द्वारा उदाहरणों एवं व्यवहारिक डेमो के माध्यम से सरल भाषा में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं को विशेष रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई। ठेले, दुकान एवं खाद्य परिसर की स्वच्छता।
खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण एवं तापमान प्रबंधन, कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखना ,खाद्य सामग्री को सुरक्षित तरीके से संभालना एवं परोसना,बर्तनों एवं खाद्य उपकरणों की उचित सफाई सुरक्षित पेयजल का उपयोग,कीट, धूल एवं अन्य प्रकार के खाद्य संदूषण की रोकथाम, खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण एवं नियमित अनुपालन प्रशिक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006, संबंधित नियमावली तथा FSSAI द्वारा निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा आवश्यकताओं की जानकारी भी दी गई। फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं के लिए लागू स्वच्छता संबंधी प्रावधानों एवं व्यवहारिक उपायों को विशेष रूप से समझाया गया।
हाइजीन किट एवं प्रमाण-पत्र का वितरण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को निःशुल्क हाइजीन किट प्रदान की गई। किट में एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर एवं हेडगियर शामिल थे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, गोल्डन रूल्स बुकलेट तथा NASVI एवं नेस्ले की ओर से संयुक्त प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। NASVI ने दिया सहयोग कार्यक्रम में NASVI की ओर से पंकज साहू उपस्थित रहे। उन्होंने स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के सशक्तिकरण एवं उनकी आजीविका को सुरक्षित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्ट्रीट फूड विक्रेता शहरों की खाद्य संस्कृति एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों को अपनाने से ग्राहकों का विश्वास बढ़ता है, जिससे विक्रेताओं की आजीविका को भी मजबूती मिलती है।
यह निःशुल्क प्रशिक्षण NASVI द्वारा नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक महिला एवं पुरुष फुटपाथ खाद्य विक्रेताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने एप्रन, ग्लव्स एवं हेड कैप का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से संभालने, हानिकारक रसायनों के अनुचित उपयोग से बचने तथा ग्राहकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन परोसने का संकल्प लिया।