शिक्षकों की मांग को लेकर पालकों ने स्कूल में जड़ा ताला, कहा जिला शिक्षा अधिकारी के पहुंचने पर ही खुलेगा स्कूल
तत्काल दो शिक्षकों की हुई व्यवस्था लेकिन विषय शिक्षक की मांग को लेकर अड़े हैं पालक
सरायपाली. सिंघोड़ा के मिडिल एवं हाईस्कूल में शिक्षक की मांग को लेकर शाला विकास समिति एवं पालकों ने सोमवार को ताला जड़ दिया. जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पालकों को समझाने की कोशिश की लेकिन नही माने. तब कहीं जाकर तत्काल दो शिक्षकों की व्यवस्था की गई. इसके वावजूद एक विषय शिक्षक की मांग को लेकर तालाबंदी जारी रहा.
तालाबंदी के चलते बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी नसीब नही हुआ. अब जिला शिक्षा अधिकारी के आने पर ही ताला खोलने की बात ग्रामीण कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में रिकॉर्ड अनुसार 4 शिक्षक पदस्थ हैं लेकिन नियमतरू 2 शिक्षक ही बच्चों को पढ़ा रहे हैं जबकि दो शिक्षक अन्य जगह पर पदस्थ होकर सिंघोड़ा मिडिल स्कूल का के नाम से ही वेतन आहरण कर रहे हैं.
इन्हीं दो शिक्षक की वजह से यहां पर किसी भी नये शिक्षक की पदस्थापना नही हो पा रही है. इसी तरह परिसर में स्थित हाई स्कूल में 94 बच्चों के लिए एकमात्र शिक्षक के सहारे ही बच्चों की पढ़ाई हो रही है अंग्रेजी एवं गणित जैसे मुख्य विषय की पढ़ाई आज पर्यंत तक नहीं हो पाई है केवल स्वयं अध्ययन कर ही बच्चे पढ़ रहे हैं.
इसी वर्ष 2 शिक्षक का अन्य जगह स्थानांतरण होने एवं एक शिक्षक का ट्रेनिंग में जाने के कारण 5 शिक्षकीय स्कूल केवल एक शिक्षक के भरोसे आ गया है . स्थानांतरित शिक्षकों की जगह पर नये शिक्षक की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से चरमरा गई है. शाला विकास समिति के अध्यक्ष तन्मय पण्डा के साथ भारी संख्या में महिलाएं भी शिक्षक की मांग को लेकर बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तालाबंदी में शामिल हुए.
श्री पण्डा ने कहा कि यहां आस पास के 12 गांव के सैकड़ों बच्चे अध्यापन के लिए पहुंचते हैं लेकिन विषय शिक्षक की कमी के कारण बिना पढ़ाई किए अभी तिमाही परीक्षा दिए हैं. आगे की परीक्षा ठीक से दे सकें इसके लिए शीघ्र ही विषय शिक्षक नियुक्त करना चाहिए.
ग्रामीण जगदीश मेहेर, सौमित्री महापात्र, पंचानन साहू, गजेन्द्र यादव, झनकराम, सुशील भोई, नित्यानंद चेरकिया, रविलाल भोई, प्रहल्लाद प्रधान आदि ने कहा कि जब तक विषय शिक्षक की व्यस्था नही की जाती तब तक ताला नही खोला जाएगा. पालकों ने कहा कि अगर शासन शिक्षक नही भेज सकती तो यहां पर जो पदस्थ शिक्षक हैं उनको भी यहां से स्थानांतरण कर दें. हम जैसे भी करके अपने बच्चों को पढ़ायेंगे.
जिला शिक्षा अधिकारी के पहुंचने पर ही
खुलेगा स्कूल
आज सुबह से ही पालक स्कूल में तालाबंदी करने
हेतु एकत्रित हुए. इसकी सूचना मिडिया कर्मियों तथा अधिकारियों को मिली. इसे
गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने तुरंत नायब तहसीलदार, एबीओ श्री दीवान एवं बीआरसीसी भोजराज पटेल, पटवारी संघ के अध्यक्ष नारायण बारीक पालकों को
मनाने पहुंचे. इसके वावजूद भी बात नही बनी और विषय शिक्षक की मांग को लेकर
तालाबंदी जारी है.
इस संबंध में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी
श्री दीवान से पूछे जाने पर कहा कि पालक गणित एवं विज्ञान शिक्षक की मांग कर रहे
हैं. विज्ञान शिक्षक की व्यवस्था कर दी गयी है. गणित शिक्षक की व्यवस्था अभी नही
हुई है. उन्हें जल्द व्यवस्था करने हेतु आश्वास्त किया गया है, इसके वावजूद वे मानने के लिए तैयार नही हैं.
जिला शिक्षा अधिकारी के पहुंचने पर ही ग्रामीणों ने ताला खोलने की बात कही है.