पहली बार गौठान में गोवर्धन पूजा के दिन मनाया जा रहा है गौठान दिवस
दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा की ग्रामीण क्षेत्रों में काफी मान्यता है. गोठानों में गोवर्धन पूजा के दिन गोठान दिवस मनाया जा रहा है. छत्तीसगढ़ सरकार की नई योजना के नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी के बनाये गए गौठान में पहली बार यह मनाया जा रहा है.
बसना के ग्राम पंचायत सिंघनपुर में सरपंच, पदाधिकारियों, महिला स्व सहायता समूह और ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप ग्राम पंचायत सिंघनपुर के गोठान में गोवर्धन पूजन किया जा रहा है. जहाँ आज गौठान में पशुधन को एकत्र कर उन्हें खिचड़ी खिलाई गई और पूजा अर्चना किया गया साथ ही ग्रामीणों को पशुधन की उचित देखभाल के तौर तरीके भी बताए गए.
जानकारी के मुताबिक गौठान दिवस को मनाने में किसी तरह की कोई लापरवाही न हो इसलिए अधिकारी गौठान में सुविधाओं की कमी को दूर करने में जुट गए थे. तो वहीं गोठान दिवस को लेकर समितियों को भी गोठान में पूजा पाठ करने के लिए तैयारियों के साथ आने के लिए किया गया था.
जहाँ आज गांव के सभी जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के अफसर, महिला समूह व ग्रामीण सामूहिक गौठान जाकर दीप जलाकर सुख समृद्धि की कामना कर सामूहिक रूप से पूजा पाठ करेंगे.
ज्ञात हो कि इस साल सरकार राज्य सरकार के कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा सुराजी गांव योजना के तहत गोवर्धन पूजा के दिन गोठान दिवस मनाए जाने के संबंध में प्रदेश के सभी कलेक्टरों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं. जारी निर्देश के अनुसार, सुराजी गांव योजना के तहत चयनित गांवों में गौठान बनाए गए हैं जहां गवंश प्रतिदिन आते हैं. गोवर्धन पूजा के दिन उन गौठान में गौठान दिवस मनाया जा रहा है.
