news-details

कार्य प्रारंभ का लगा सूचना बोर्ड, डेढ़ माह बाद भी नहीं हुआ कार्य प्रारंभ

सरायपाली. ग्राम कनकेवा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से विधायक मद से 5 लाख रूपए लागत का सीसी रोड स्वीकृत हुआ है. जिसके लिए बकायदा सूचना बोर्ड भी चस्पा किया गया है, जिसमें कार्य प्रारंभ तिथि उल्लेख है. कार्य प्रारंभ दिनांक के डेढ़ माह बाद भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. जिससे दुपहिया, चारपहिया वाहन चालक एवं किसानों को गली में रेती बिछा देने के कारण आने-जाने एवं धान रखने में समस्या हो रही है.

ग्रामीणों ने बताया कि विगत 3 माह पूर्व सीसी रोड के लिए ठेकेदार द्वारा रेती बिछा दिया गया है और विगत 1 नवम्बर 2019 को कार्य प्रारंभ का सूचना बोर्ड भी लगाया गया है. लेकिन अब तक सीसी रोड निर्माण का कार्य प्रारंभ ही नहीं हो पाया है. इन दिनों गांव में धान बेचने एवं कटाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है.

गांव की गलियों में रेत बिछा देने से किसानों को धान का ढेरी भी लगाते नहीं बन रहा है और न ही दुपहिया वाहन आसानी से पार हो रहे हैं. सीसी रोड बनने के पूर्व ठेकेदार द्वारा बिछाए गए मुरूम ने किसानों एवं ग्रामीणों की समस्या बढ़ा दी है. दुपहिया वाहन चालक बड़ी मुश्किल से अपने वाहन पार कर रहे हैं. वहीं किसानों को मजबूरीवश धान को घर लाने में सतर्कता बरतनी पड़ रही है. वहीं कुछ किसान ब्यारा में ही रेती के चलते धान को ढेरी कर रतजगा कर रहे हैं. कुछ ही दिनों बाद खेती किसानी का कार्य भी समाप्त हो जाएगा. किसानों एवं ग्रामीणों ने जल्द ही कार्य प्रारंभ करने की मांग शासन से की है.


अन्य सम्बंधित खबरें