रामलीला का आनंद लेने मोखापुटका पहुँच रहे हैं सैकड़ों श्रद्धालु
सरायपाली. ग्राम मोखापुटका में विगत 19 दिसंबर से रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. रामायण प्रचारक मण्डली काशी वाराणसी के द्वारा प्रतिदिन शाम 7.30 बजे से रात्रि 10.30 बजे तक रामलीला के विभिन्न प्रसंगों की प्रस्तुति दी जा रही है. इस भक्तिमय आयोजन का आनंद लेने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुँच रहे हैं.
कार्यक्रम के अंतर्गत 19 दिसंबर को श्रीराम जन्मभूमि, मुनि आगमन, ताड़का, मारीच, सुबाहू वध, 20 को धनुष यज्ञ, रावण बाणासुर संवाद, सीता स्वयंवर, 21 को परशुराम लक्ष्मण संवाद, सीताराम विवाह एवं टिकावन तथा आज 22 को राम वनवास, शूर्पणखा नकछेदन, सीताहरण आदि प्रसंगों की प्रस्तुति दी गई.
इसी कड़ी में कल 23 को राम शबरी भेंट, राम सुग्रीव मित्रता, बाली वध, 24 को लक्ष्मण शक्तिबान एवं मेघनाथ वध तथा 25 दिसंबर को रावण वध, श्री राम राज्याभिषेक एवं चढ़ौत्री के साथ कार्यक्रम का समापन होगा. समस्त ग्रामवासियों द्वारा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को उपस्थित होकर इस भक्तिमय कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की गई है.