हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रभु यीशु का जन्म दिवस  - CG Sandesh

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया प्रभु यीशु का जन्म दिवस

रात भर होते रहे अनेक कार्यक्रम

निर्धन, बेसहारा लोगों को दिया गया उपहार

सरायपाली. शहर के चार चर्च के अलावा ग्रामीण अंचल में 24-25 दिसम्बर की रात्रि अलग-अलग तरह से प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर केक काटकर क्रिसमस डे मनाया गया. इसके लिए सभी चर्च में विशेष सजावट के अलावा रात्रि जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था. कुटेला स्थित रोमन कैथोलिक चर्च में हजारों की संख्या में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव मनाने के लिए लोग पहुंचे हुए थे. झिलमिला स्थित मेनोनाईट चर्च में रविवार को धन्यवादी पर्व एवं 24 की रात्रि चरणीभेंट ड्रामा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. वहीं सीआईसीएम चर्च झिलमिला में भी रात्रि जागरण, आराधना एवं बच्चों का ड्रामा कार्यक्रम एवं बैदपाली रोड में स्थित बिलिवर्स ईस्टर्न चर्च में भी कई कार्यक्रम आयोजित कर प्रभु का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया.

रोमन कैथोलिक चर्च कुटेला के फादर आस्कर टोप्पो ने बताया विगत माह भर से क्रिसमस के लिए तैयारी की जा रही थी. कैथोलिक चर्च के अंतर्गत आने वाले गांव के प्रत्येक घरों में प्रभु यीशु की मूर्ति लेकर गाना गाते हैं और उनके जन्म होने का संदेश देते हैं. साथ में सांताक्लॉज केद्वारा गिफ्ट दिया जाता है और उसी गांव में एक साथ मिस्सा पूजा(पवित्र मिस्सा) होता है.

इस चर्च के अंतर्गत लगभग 32 गांव आते हैं और सभी गांव के हजारों लोग प्रभु यीशु के जन्मदिवस पर 24 की रात्रि को कुटेला स्थित रोमन कैथोलिक चर्च में पहुंचकर रात्रि साढे“ 10 बजे से 1.30 बजे तक मिस्सा पूजा में सम्मिलित हुए.

प्रभु यीशु का केक काटकर जन्मदिन मनाते हुए एक दूसरे को बधाई दिया गया. चर्च के नजदीक में चरनी बनाए गए थे, जहां प्रभु यीशु बाल्य रूप मूर्ति रखा गया था. रात्रि में कीर्तन पार्टी नानकपाली एवं बच्चों का गु्रप डांस के अलावा सभी के लिए चाय नाश्ता का व्यवस्था किया गया था.

सरायपाली क्षेत्र में रोमन कैथोलिक चर्च तीन स्थानों पर स्थापित है. कुटेला, बलौदा एवं छुईपाली तीनों स्थानों पर क्रिसमस डे बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. झिलमिला स्थित मेनोनाईट चर्च संस्था के प्रमुख डीकन पी के बाघ ने बताया कि प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाने के लिए विगत सप्ताह भर से घर-घर जाकर मंजीरा, मृदंग के साथ केरल सिंगिंग करते हुए प्रभु के जन्म का शुभ समाचार बताया गया.

रविवार को धन्यवादी पर्व का भी आयोजन किया गया था, जिसमें पूरे वर्ष की कमाई का 10वां अंश देने का रिवाज है. जिसमें स्वेच्छा अनुसार सामाजिक लोगों के अलावा अन्य समाज के लोगों द्वारा भी चढ़ावा दिया गया.

इसके पश्चात रात्रि में चरणीभेंट के लिए लोगों को एक-एक लिफाफा दिया गया था. प्रभु यीशु के जन्म के समय सभी सामाजिकजन उसके चरणों में लिफाफा भेंट किए एवं चर्च में चरणीभेंट की आराधना की गई. देश के लिए, समाज के लिए, न्याय व्यवस्था को बनाए रखने एवं भ्रष्टाचार मिटाने, नक्सलवाद का निराकरण करने विशेष आराधना की गई.

इसके बाद रात में आनंद उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें संडे स्कूल के बच्चों, जवान सभा, महिला सभा एवं यीशु के जन्म से संबंधित कार्यक्रम दिया गया. विधवा, विधुर, असहाय एवं निर्धन लोगों को गिफ्ट दिया गया. वहीं साल भर के लोगों की समस्या एवं घटनाक्रम की गवाही को लोगों ने अपने-अपने अंदाज में बताए.

सीआईसीएम चर्च झिलमिला के पास्टर आमोस राजहंस ने बताया कि विगत 1 दिसम्बर से क्रिसमस डे मनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई थी. लाईट डेकोरेशन, बच्चों को ड्रामा सिखाना एवं घर-घर जाकर केरल सिंगिंग आदि किया गया. बीती रात सभी एकत्रित होकर प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाए.

सरायपाली अंचल में सीआरसीएम चर्च के अन्य 23 स्थानों पर प्रभु की आराधना की गई. वहीं इवास स्कूल से पेट्रोल पंप तक रैली भी निकाली गई थी. जन्मोत्सव कार्यक्रम में लगभग 150 लोग शामिल हुए थे. समाज के विधवा, बेसहारा लोगों को कपड़ा उपहार स्वरूप भेंट किया गया.

बिलिवर्स ईस्टर्न चर्च झिलमिला के पास्टर महेश जाल ने बताया कि सरायपाली अंचल के 15 स्थानों पर बिलिवर्स ईस्टर्न चर्च है और सभी स्थानों पर क्रिसमस डे मनाया गया. विगत सप्ताह भर से प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित कार्यक्रम एवं बच्चों को डांस सिखाया गया. गरीब, विधवा लोगों को कंबल वितरण किया गया और बच्चों को गिफ्ट दिया गया.

भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर

पीजी पोर्टल में शिकायत के बाद भी नहीं मिल रहा न्याय, जाँच प्रणाली में सुधार की आवश्यकता, आजादी के 79 साल बाद भी शिकायत के जाँच में स्वतंत्रता नही.


अन्य सम्बंधित खबरें