नवोदय क्रांति भारत आयोजित करेगा देशभर के सरकारी शिक्षकों के ... - CG Sandesh

नवोदय क्रांति भारत आयोजित करेगा देशभर के सरकारी शिक्षकों के लिए तीन दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस अमृतसर पंजाब में

बसना:- पूरे देश के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को एक मंच पर लाकर हिंदुस्तान की शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाते हुए देश के सरकारी स्कूलों को स्मार्ट स्कूल बनाने की तरक्की पर अग्रसर नवोदय क्रांति परिवार भारत के द्वारा फरवरी माह में तीन दिवसीय नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन अमृतसर पंजाब में किया जाएगा,जिसमें पूरे हिंदुस्तान के बेहतरीन सरकारी शिक्षक प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने द्वारा किए गए रिसर्च,नवाचार व विभिन्न टीचिंग लर्निंग मटेरियल से देशभर से अलग-अलग राज्यों के शिक्षकों को परिचित कराएंगे। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले देशभर के शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच पर प्रेजेंटेशन देने का मौका एवं सम्मान मिलेगा।

मांगी है जानकारी

इस बारे में जानकारी देते हुए नवोदय क्रांति परिवार के स्टेट मोटिवेटर प्रेमचन्द साव एवं नेशनल मोटिवेटर राजू साहू ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवोदय क्रांति परिवार की तरफ से एक वार्षिक आयोजन के मौके पर सरकारी शिक्षकों के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है जिसमें शामिल होने के लिए हिंदुस्तान के विभिन्न राज्यों के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों से उनके द्वारा किए गए कार्यों के संबंध में आवेदन मंगाए गए हैं।शिक्षक गूगल फॉर्म के माध्यम से अपने कार्यों तथा नवाचारो की पूरी जानकारी भेजते हुए आवेदन कर सकते हैं। जिनकी स्क्रीनिंग के बाद कमेटी प्रेजेंटेशन के लिए शिक्षकों का चयन करेंगे।

अलग अलग कैटेगरी में होंगे शिक्षक सम्मानित

इस बारे में जानकारी देते हुए नवोदय क्रांति भारत के संस्थापक गुरुजी संदीप ढिल्लों ने बताया कि नवोदय क्रांति के द्वारा नेशनल कॉन्फ्रेंस में देशभर के सरकारी शिक्षकों को अलग-अलग कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया जाएगा अलग-अलग वर्गों के बारे में जानकारी देते हुए संदीप ढिल्लों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, रक्तदान, शिक्षण अधिगम सामग्री, खेल गतिविधियां,एक्टिविटी आधारित शिक्षण,विद्यालय प्रबंधन,खेल, दाखिला अभियान आदि ऐसी कैटेगरी है जिनमें देश के शिक्षक बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं इन्हीं अलग-अलग वर्गों के आधार पर शिक्षकों का चयन किया जाएगा ओर उनकी प्रेजेंटेशन होगी तथा उन्हें सम्मानित किया जाएगा ।

इस मौके पर नवोदय क्रांति के सभी नेशनल मोटिवेटर व गत वर्ष के नेशनल अवार्डी टीचर्स “गेस्ट ऑफ ऑनर” के रूप में मौजूद रहकर देश के अन्य शिक्षकों का मनोबल बढ़ाएंगे।

देशभर के प्रसिद्ध शिक्षाविदों के प्रेरणादायक व्याख्यान होंगे जो सभी शिक्षकों के लिए मार्गदर्शन का काम करेंगे एवं सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान निभायेंगे।

देश भर के लाखों शिक्षक जुड़े हैं, नवोदय क्रांति अभियान से

आपको बता दें कि सरकारी शिक्षा की दशा व दिशा सुधारते हुए पूरे देश में समान शिक्षण पद्धति लागू करके हिंदुस्तान की शिक्षा पद्धति को बेहतर बनाने का प्रयास करते हुए नवोदय क्रांति परिवार सरकारी शिक्षकों का एक ऐसा समूह है जिसमें केवल वही शिक्षक शामिल होते हैं जो अपनी इच्छा से सरकारी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए समर्पित रहते हैं।चंद लोगों के समूहों के साथ जुड़ा यह परिवार आज लाखों शिक्षकों का परिवार बन गया है। जम्मू कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक तथा राजस्थान से लेकर असम तक देशभर के शिक्षक नवोदय क्रांति के साथ जुडें हुए हैं जो इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

स्कूलों में आया बदलाव तो अभिभावक भी आगे बढ़े साथ देने को

शिक्षक प्रेमचन्द साव ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कुछ साल पहले एक विशेष कल्पना के साथ इस परिवार का जब निर्माण किया गया था तो काम करने में काफी दिक्कतें होती थी मगर अब जैसे जैसे लोग ज्यादा जुड़ने लगे हैं वैसे वैसे ही परिवर्तन भी आने लगे हैं।अब स्कूलों में बहुत ज्यादा परिवर्तन आ रहा है पूरे देश भर के शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में बेहतर कार्यों को नवोदय क्रांति के अलग-अलग सोशल मीडिया के माध्यमों से प्रचारित प्रसारित करते हैं जिसका अन्य शिक्षक भी फायदा उठाते हैं और अपने स्कूलों में लागू करते हैं जिससे स्कूलों में न केवल परिणाम बेहतर आने लगे हैं बल्कि स्कूल की मैनेजमेंट व्यवस्था के साथ-साथ बच्चों को पढ़ाने के तरीकों में भी शिक्षकों ने काफी बदलाव महसूस किया है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस को लेकर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। और इस कार्यक्रम को शिक्षकों के एक सबसे बड़े त्यौहार के रूप में मनाने को आतुर दिखाई पड़ रहे हैं। गत वर्ष यह राष्ट्रीय कार्यक्रम कुरुक्षेत्र हरियाणा में आयोजित किया गया था,जिसमें लगभग 15 राज्यों के शिक्षकों ने भाग लिया था और अबकी बार अमृतसर पंजाब में इस कार्यक्रम में देशभर के लगभग सभी राज्यो के शिक्षक भाग लेंगे एवं अपने विभिन्न नवाचारों एवं अनुभवों को प्रस्तुत करेंगे।इस कार्यक्रम से संबंधित जानकारी छत्तीसगढ़ से नेशनल मोटिवेटर राजू साहू,गुनाराम चंदेल,स्टेट मोटिवेटर प्रेमचन्द साव, लाइव ट्रेनिंग छत्तीसगढ़ कोर्डिनेटर वीरेन्द्र कुमार कर, सुरेश सिंह टेकाम, हेमंत कुमार साहू,सुनिला फ्रेंकलिन, निरंजन पटेल,टिकेश्वर पटेल, रुपेश देवांगन सहित किसी भी मोटिवेटर से कार्यक्रम से संबंधित जानकारी लिया जा सकता है।इस कार्यक्रम की जानकारी छत्तीसगढ़ स्टेट मोटिवेटर नवोदय क्रांति भारत प्रेमचन्द साव, संस्थापक संदीप ढिल्लन एवं नेशनल मोटिवेटर राजू साहू द्वारा दिया गया।






अन्य सम्बंधित खबरें