कलेक्टर व एस.पी. देवभोग दौरे में अमलीपदर, तेतलखुटी, झाखरापारा धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण.
उठाव तेज करने के निर्देश
मतदान सामग्री वितरण केन्द्र और स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण
दूरस्थ आदिवासी ग्राम पहुंचकर समस्याओं से हुए रूबरू
गरियाबंद 02 फरवरी 2020/कलेक्टर श्री श्याम धावड़े व एस.पी. श्री एम.आर आहिरे शनिवार को दिनभर देवभोग क्षेत्र के दौरे पर रहे। अधिकारियों द्वारा ओडिसा बार्डर से लगे संवेदनशील धान केन्द्रों अपलीपदर, तेतलखुटी और झाखरपारा का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी का जायजा लिया। वहीं 3 फरवरी को तृतीय चरण के मतदान के मद्देनजर देवभोग में स्ट्रांग रूम का भी अवलोकन किया। अधिकारियों द्वारा ओडिसा बार्डर के समीप बसे आदिवासी ग्राम का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर श्री धावड़े ने सर्वप्रथम अमलीपदर धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए उठाव तेज करने के निर्देश दिये। धान के उठाव के लिए अतिरिक्त 10 ट्रक और लगाने के निर्देश दिये हैं। अमलीपदर में अभी तक 18 हजार क्विंटल धान का उठाव हुआ है। इस केन्द्र में 1191 किसान धान बेच चुके है, वहीं 480 किसान धान बेचने बाकी है। झाखरपारा धान उपार्जन केन्द्र में कलेक्टर ने उठाव पर संतोष व्यक्त किया। यहां समर्थन मूल्य पर धान बेचने 292 किसान बाकी है तथा अभी तक यहां 539 किसानों, कुल 115 हेक्टेयर रकबा का समर्पण किया है जबकि 26 हजार क्विंटल धान का उठाव हो गया है। उन्होंने बारदाना पंजी का निरीक्षण भी किया। तेतलखुटी में देर शाम पहुंचे कलेक्टर और एसपी ने धान उठाव की जानकारी ली। साथ ही कहा कि शेष बचे 292 किसानों में से लघु और सीमांत किसानों का धान पहले खरीदे। यहां भी उठाव समुचित रूप से हो रहा है। इस दौरान खाद्य अधिकारी एच.के. डडसेना, सहायक आयुक्त एल.आर. कुर्रे, एसडीएम भुपेन्द्र साहू मौजूद थे।
कलेक्टर व एस.पी. पहुंचे ओड़िसा बार्डर पर दूरस्थ गांव
कलेक्टर श्री श्याम धावड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री एम.आर. आहिरे शनिवार को मैनपुर विकासखण्ड के दूरस्थ आदिवासी ग्राम पंचायत घुमरापदर व छैला पहुंचे। अधिकारीगण ग्राम घुमरापदर के माकरखलिया पहुंचकर वहाँ लोगो से चर्चा की। ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं के बारे में अवगत कराते हुए निराकरण की मांग की। कलेक्टर और एस.पी. ने कमार जनजातियों के घर मे जाकर उनके रहन सहन को जानने का प्रयास किया। वहाँ के रहवासियों ने बताया कि अब वे यही छोटे डोंगरी के पास माकरखलिया में रहते हैं। कलेक्टर और एस.पी. के दूरस्थ ग्राम पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और समस्याओं के जल्द निराकरण की उम्मीद जताई।