राजिम माघी पुन्नी मेला में पंच-सरपंच, किसान, युवा, आदिवासी, ... - CG Sandesh

राजिम माघी पुन्नी मेला में पंच-सरपंच, किसान, युवा, आदिवासी, सम्मेलन सहित आदर्श सामुहिक विवाह एवं मितानिन सम्मेलन का होगा आयोजन

गरियाबंद 06 फरवरी 2020/राजिम माघी पुन्नी मेला आस्था, आध्यात्म और संस्कृति का संगम है। मेले में हजारों की संख्या में दर्शनार्थी आकर भगवान कुलेश्वरनाथ और राजीव लोचन का दर्शन करते है। शासन द्वारा मेले के आयोजन और सफलता के लिए हर संभव प्रयास किया जाता है। इसी कड़ी में लोगों को शासकीय योजनाओं से अवगत कराने और उसका लाभ दिलाने के प्रयास भी किये जाते हैं। माघी पुन्नी मेला में इस बार विभिन्न सम्मेलनो और आयोजनों के माध्यम से शासकीय योजनाओं से लोगों को परिचित कराया जायेगा। धर्मस्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं स्थानीय समिति द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार गृहमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू की अध्यक्षता में 9 फरवरी को पंच सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा।

इसी तरह कृषि मंत्री के मुख्य आतिथ्य में 10 फरवरी को किसान सम्मेलन, वनमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 12 फरवरी को वन समिति का सम्मेलन, खेल मंत्री के मुख्य आतिथ्य में 14 फरवरी को युवा सम्मेलन, महिला एवं बाल विकास मंत्री के मुख्य आतिथ्य में 16 फरवरी को आदर्श सामुहिक विवाह सम्मेलन, पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री के मुख्य आतिथ्य में 18 फरवरी को बिहान एवं मितानिन सम्मेलन तथा आदिवासी एवं शिक्षा मंत्री के मुख्य आतिथ्य में 19 फरवरी को आदिवासी सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। विभिन्न सम्मेलन में विधायक राजिम श्री अमितेश शुक्ल, विधायक अभनपुर श्री धनेन्द्र साहू, विधायक सिहावा डाॅ. लक्ष्मी ध्रुव एवं विधायक कोण्डागांव श्री मोहन मरकाम अध्यक्षता करेंगे।


अन्य सम्बंधित खबरें