सभी पीएम किसान लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने का अभियान
गरियाबंद 10 फरवरी 2020/जिले के सभी प्रधानमंत्री किसान हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किया जायेगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय लंगेह ने बताया कि गरियाबंद जिले में पीएम किसान के तहत लाभान्वित किसान 77 हजार 537 हैं। सभी पात्र किसानों को केसीसी प्रदान करने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाया जायेगा। आईबीए द्वारा बैंको को 3 लाख रूपये तक के केसीसी ऋणों के लिए सभी बैंक प्रभार, अर्थात प्रसंस्करण, प्रलेखन, निरीक्षण और लेजर फोलियो शुल्क और अन्य सेवा शुल्क में छूट दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि किसानों आवेदन प्राप्त होने के 14 दिनों के भीतर बैंक केसीसी जारी किया जायेगा। भूमि रिकॉर्ड की एक प्रति और बोई गई फसलों का विवरण जमा करके केसीसी लाभ प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन के लिए एक पेज का फॉर्म आईबीए द्वारा तैयार किया गया है और सभी सरकारी वाणिज्यिक बैंकों और पीएम किसान पोर्टल की वेबसाइटों पर अपलोड की गई है। पीएम किसान लाभार्थी उस बैंक शाखा में जाए जहां अपना पीएम किसान खाता है, वे केसीसी का लाभ प्राप्त कर सकते है। केसीसी रखने वाले पीएम-किसान लाभार्थी, आवश्यकता होने पर, सीमा बढ़ाने के लिए अपनी बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही निष्क्रिय केसीसी कार्ड वाले लोग केसीसी की सक्रियता और नई सीमा की मंजूरी के लिए बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं। केसीसी न रखने वाले किसान, केसीसी के तहत सीमा की मंजूरी के लिए, उनके द्वारा बोई गई फसलों के विवरण और भूमि रिकॉर्ड विवरण के साथ बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं। किसान जिनके पास केसीसी है पर पशुधन और मत्स्य पालन के लिए स्वीकार्य सीमा को शामिल करना चाहते हैं, बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं। सभी बैंक शाखाओं से लाभार्थियों की सूची तैयार करने का अनुरोध किया जा रहा है और इसे केसीसी लाभार्थियों की सूची के साथ मैप कर उन पीएम- किसान लाभार्थियों की सूची तैयार करें जिनके पास उस शाखा में केसीसी नहीं है। यह सूची बैंक द्वारा ग्राम सरपंच और बैंक सखी के साथ साझा की जायेगी। फॉर्म कॉमन सर्विस सेंटर में भरे जा सकते हैं।