राज्य सरकार के आदेश के बावजूद पिरदा में नहीं खुली शराब दूकान, जानिए क्यों ?
छत्तीसगढ़ सरकार ने एक नया नियम जारी करते हुए कुछ जिलों में शराब दुकान को शर्तो के साथ खोलने की अनुमति दी गई थी, और कई जगह आज शराब दुकान खुला भी लेकिन महासमुंद जिले के बसना थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पिरदा के अंतर्गत आने वाले शराब दुकान आज बंद है.
गौरतलब है कि सरकार द्वारा सभी कलेक्टरों को आदेश दिए जाने के बाद कल महासमुंद कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने भी आदेश जारी कर जिले में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड के द्वारा संचालित समस्त देशी मदिरा दुकानें को आज 4 मई से प्रातः 08:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक शासन द्वारा जारी निर्देशों को पालन करते हुए खोलने के लिए आदेशित किया था.
लेकिन इस आदेश के बावजूद पिरदा शराब दुकान के बाहर एक सूचना बोर्ड टांगा गया, जिसमें साफ-साफ शब्दों में लिखा गया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण काल तक देशी और विदेशी दारू बिक्री नही करने नही दिया जाएगा, ग्राम पंचायत एवं ग्राम सभा पिरदा के निर्णय अनुसार शराब दूकान को बंद रखा गया है. साथ ही लोगों से अपील की गई कि शराब खरीदने का चेष्टा ना करें अन्यथा किसी की प्रकार की अनहोनी घटना के संपूर्ण जवाबदारी आपकी होगी.
इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव रमोला ठाकुर से चर्चा करने पर बताया कि गांव वालों की डर है कि बाहर से कई लोग शराब खरीदने पहुंच जाते हैं, और छत्तीसगढ़ में प्रवासी मजदूरों में संक्रमण का खतरा देखा जा रहा है. जिसके चलते गांव में भय का माहौल है गांव वालों ने यह फैसला लिया है की खतरा को देखते हुए शराब दुकान को बंद रखा जाएगा जिसमें पंचायत और ग्रामीणों की सहमति बनी है.
इस सम्बन्ध में आबकारी
विभाग के जिला के अधिकारियों से संपर्क करने पर कोई भी जवाब नहीं मिला.