मालखाना से भारी मात्रा में शराब गायब, थाना प्रभारी सहित 3 निलंबित
महासमुंद सिटी कोटवाली के मालखाना से भारी मात्रा में शराब गायब होने का मामला सामने आया है. जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महासमुंद थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर, प्रधान आरक्षक व एक आरक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को एडिशनल एसपी मेघा टेम्भूरकर सरप्राइज चेकिंग में निकली थी. इसी दौरान वह सिटी कोतवाली पहुंच गई. जहाँ अचानक एएसपी के पहुंचने से हड़कंप मच गया. और मालखाना के सत्यापन के दौरान जब्त शराब कम मिले.
जानकारी के अनुसार मालखाना में भारी मात्रा में शराब की कमी पाई गई. जिसे गंभीरता से लेते हुए एएसपी टेम्भूरकर ने जमकर फटकार लगाई. इसके बाद टीआई राकेश खुटेश्वर को सस्पेंड करते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया.
इसी तरह इस लापरवाही के जिम्मेदार मानते हुए एक प्रधान आरक्षक व एक आरक्षक को लाइन अटैच किया गया है. वहीं खुटेश्वर को लाइन अटैच करने के बाद उनके स्थान पर खल्लारी के टीआई शेर सिंह को जिम्मेदारी दी गई है.
क्या है मालखाना
थानों का मालखाना सबसे महत्वपूर्ण होता है. वहां हर जब्त सामान को रखा जाता है. बकायदा सामानों की नंबरिंग की जाती है. रजिस्ट्रर में इसकी इंट्री होती है. सूची बनाई जाती है. केस नंबर के साथ कागज चस्पा किया जाता है. मालखाना का रखरखाव ठीक से नहीं होता है. कुछ सामान सड़ जाते तो कुछ गायब हो जाते हैं. ऐसे में कोर्ट में जवाब देना मुश्किल हो जाता है. सामान दिखाने को कहा जाता हैं तो मालखाना प्रभारी को समस्या का सामना कर पड़ता हैं.