जिले में आज से कोविड केयर सेंटर की सेवाएं प्रारम्भ कोविड-19 से पीड़ित जिले के मरीजों को जिले में ही किया जाएगा उपचार
बसना विकासखण्ड से आए दो संक्रमित मरीजों को कोविड केयर सेंटर महासमुंद में भर्ती कर उपचार की सेवाएं प्रारम्भ
महासमुंद 24 जून 2020/ कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल के निर्देशन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. रवि मित्तल के मार्गदर्शन में तैयार हुए जिला मुख्यालय स्थित कोविड केयर सेंटर को बुधवार 24 जून 2020 से शुरू कर दिया गया है। आज सुबह यहां करीब 11 बजे बसना विकासखण्ड के कोविड-19 संक्रमित दो मरीजों को सुरक्षित तौर पर भर्ती कर लिया गया। इस दौरान कोविड केयर सेंटर की रिसीविंग टीम पहले से ही तैयार थी। 108 एम्बुलेंस में सवार कोरोना पॉजिटिव मरीज जैसे ही कोविड केयर सेंटर पहुंचे। इस दौरान अनुभवी चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों ने पहले उन्हें सैनिटाइज्ड किया और पंजीयन की औपचारिकताएं पूर्ण कर भर्ती वार्ड क्रमांक ‘जोंक नदी’ की ओर ले गए। संक्रमित मरीजों के वहां पहुंचते ही उन्हंे विशेष किट प्रदान कर साबुन, तेल, कंघी, वस्त्र, मास्क एवं सैनिटाइजर उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान मरीजों को मनौवैज्ञानिक तौर पर परामर्श प्रदान करते हुए कोविड केयर सेंटर में निःशुल्क उपलब्ध कराई जाने वाली उपचार एवं रहवास सहित भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया गया। इसके उपरांत मरीजों ने नित्य-कर्म आदि की क्रियाएं पूर्ण की और वापस अपने बिस्तरों में पहुंचे। इस दौरान निगरानी में तैनात स्वास्थ्य अमले ने पुनः उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवा सेवन के तरीके बतलाए। कुछ समय बाद मरीजों को उनके लिए बनी पृथक मैस में ले जा कर भोजन कराया गया। दोबारा वार्ड में आने पर चैबीसों घंटे निर्बाध रूप से संपर्क बनाए रखने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और टू-वे माइकिंग सिस्टम की जानकारी दी गई और रोजाना सुबह से रात तक की पूरी दिनचर्या के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। इसके तहत चिकित्सकों द्वारा नियमित रूप से की जाने वाली स्वास्थ्य जांच, नाश्ता, भोजन एवं स्नान व दवा सेवन की समय-सारणी एवं नियमावली के पालन सहित समन्वय बनाने की अपील की गई तथा अन्य वार्डों में नहीं जाने के साथ-साथ केयर सेंटर के बाहर भी नही निकलने का आचरण बनाए रखने के लिए कहा गया।
उल्लेखनीय है कि मरीजों के आते ही कोविड केयर सेंटर में बाहरी व्यक्तियों या अन्य मरीजों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित कर दिया गया है। चिकित्सकीय एवं प्रबंधकीय सेवा प्रदान करने के लिए दो अलग-अलग टीमों ने समन्वय बनाए हैं।
ऐसे में एक ओर जहां कोविड केयर सेंटर के भर्ती वार्ड में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री समेती खड़िया, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला कार्यकर्ता सुश्री धनेश्वरी साहू, वार्ड ब्वाय श्री सुनील कुमार ठाकुर एवं सफाई कर्मचारी श्री संतोष साहू मरीजों की देख-भाल में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर केयर सेंटर के सतत् निगरानी एवं नियंत्रण कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी दिशा-निर्देश देते हुए मॉनीटरिंग स्क्रीन से निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.पी. वारे के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.के. परदल एवं कोविड केयर सेंटर के प्रभारी अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव की अगुवाई में आरएमएनसीएचए सलाहकार श्री संदीप चंद्राकर एवं डॉ. मुकंद राव घोड़ेसवार एवं अस्पताल सलाहकार डॉ निखिल गोस्वामी, श्री एकेश्वर शुक्ल सहित सेवारत अन्य चिकित्सकीय अमलों ने उचित समन्यव बनाए रखा।
तीन अन्य को भेजा गया रायपुर एम्स
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार 23 जून 2020 को बसना विकासखण्ड में कुल पांच नए पॉजिटिव प्रकरण मिले थे। उन्हें उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर महासमुंद लाए गए मरीजों के आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए स्वाब नमूने 20 जून 2020 को एकत्र कर राजधानी भेजे गए थे। अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान ने 23 जून 2020 को इनके धनात्मक होने की पुष्टि की।
वहीं तीन अन्य पॉजिटिव मरीजों के बारे में बताया गया है कि इनमें क्रमशः 20 एवं 22 वर्षीय दो महिलाएं हैं, जो कि गर्भवती हैं और पांचवा प्रकरण 53 वर्षीय पुरुष का है। जिसे पहले सेे ही मधुमेह की बीमारी से पीड़ित है। उन्हें आगामी उपचार के लिए राजधानी एम्स रिफर किया गया है।