news-details

शिविर आयोजित कर 2 लाख 95 हजार पशुओं में किया गया टीकाकरण

अक्सर बरसात के मौसम में पशुओं में गलघोटू एवं एकटंगिया रोग का प्रकोप होता है। इससे काफी तादाद में पशुधन की क्षति होती है। इसके लिए उपचार से बचाव का उपाय अधिक कारगर होता है। इसलिए बरसात के पूर्व पशुओं में रोग नियंत्रण हेतु मिशन मोड़ पर विगत 12 जून से 06 जुलाई तक टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। पशु चिकित्सक सेवाएं के उप संचालक डाॅ. डी.डी. झारिया ने बताया कि जिले में 3 लाख 5 हजार 183 गौवंशीय एवं 21 हजार 813 भैंसवंशीय इस प्रकार कुल 5 लाख 69 हजार पशुधन है। जिसमें से 2 लाख 46 हजार पशुओं में गलघोटू टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इसके विरूध्द 2 लाख 8 हजार पशुओं में टीकाकरण कर 85 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति कर ली गई हैं।

इसी प्रकार एक लाख 31 हजार पशुओं में एकटंगिया टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है जिसके विरूध्द 87 हजार पशुओं में टीकाकरण कर 66 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति की गई है। जिले के एक हजार 147 ग्रामों में से एक हजार 90 ग्रामों में टीकाकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष ग्रामों में टीकाकरण कार्य आगामी कुछ दिनों में किया जाएगा। बरसात के पूर्व टीकाकरण का कार्य विगत 5 वर्षो से निरंतर किया जा रहा है। इसके कारण विगत 5 वर्षो से गलघोटू, एकटंगिया रोग का संक्रमण नहीं हुआ है। जिले के गौठान ग्रामों एवं बाढ़ आपदा प्रभावित ग्रामों में प्राथमिकता के तौर पर टीकाकरण कार्य किया जाता हैं।




अन्य सम्बंधित खबरें