कुकराडीह की बाड़ी में घुसे दो हाथियों ने भैंस को मार डाला
दंतैल के आतंक से एक बार फिर ग्रामीण सहम गए हैं। बुधवार-गुरुवार की आधी रात दो दंतैल ने ग्राम कुकराडीह में भैंस को पट कर कर मार डाला है। इधर, भैंस की चीख-पुकार की आवाज सुनने के बाद मकान मालिक बाड़ी पहुंचे तो दो दंतैल को देख उनके भी होश उड़ गए।
सिरपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से घूम रहे दो दंतैल रात करीब दो बजे भोजन की तलाश में ग्राम कुकराडीह निवासी रामकुमार डहरिया की बाड़ी में घुस गए। दोनों ने वहां खूब उत्पात मचाया। बाड़ी में रखे सामानों को तोड़फोड़ किया। इधर, दंतैल को देखकर बाड़ी में बंधे चार भैंस भयभीत हो गए। इनमें से तीन भैंस दंतैल को आते देख रस्सी तोड़कर वहां से भाग निकले, लेकिन एक भैंस रस्सी तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाया, इसलिए वह भाग नहीं सका।
इधर, दंतैल भैंस की आवाज सुनकर उसके पास गया और उसे खींचते हुए पटक-पटक कर मार डाला। मवेशी की चीख सुनने के बाद मवेशी मालिक की नींद खुली तो वह बाड़ी की ओर पहुंचा और हाथियों को देखकर उसके भी होश उड़ गए। इधर, घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा देने के बाद वन अमला करीब दो घंटे विलंब से पहुंचा। बता दें कि करीब चार माह पूर्व हाथियों ने एक और मवेशी को मौत के घाट उतार दिया था।
घटना के बाद एक बार फिर से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। बता दें कि 21 हाथियों का दल पिछले दो माह से धमतरी जिले में डेराजमाए हुए हैं। जिसमें दो हाथी सिरपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। बताया जाता है कि यह दोनों हाथी कुकराडीह बंजर और बलौदाबाजार जिले की सीमा स्थित जंगल में अपना डेरा जमाए हुए है
।