महाअभियान से हरा-भरा होगा महासमुंद : जिले में पौने दो लाख पौधों का होगा रोपण
पर्यावरण
संरक्षण को लेकर सबका मिशन एक है, लगायेंगे
पौधा और करेंगे देखभाल
महासमुंद जिले में वृक्षारोपण अभियान को ध्यान में रखते हुए जिले में कल शनिवार 11 जुलाई को द्वितीय चरण में करीब पौने दो लाख पौधे लगाए जाएँगे। महासमुंद और हरा-भरा होगा। इस दौरान शनिवार की सुबह जिला प्रशासन द्वारा जिला अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया जाएगा। जिससे आगे चलकर लोगों को और बेहतर ऑक्सीजन मिलेगी। जो मुख्यालय के लंग्स के रूप में काम करेगी और जनता को अच्छा वातावरण मिलेगा। वृक्षारोपण का पहला चरण 06 जुलाई को हुआ था। जिसमें सरकारी भवन, स्कूल, आश्रम, शाला में औषधीय युक्त मुनगे के पौधों का रोपण किया गया था।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने बताया कि जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों और ग्राम पंचायतो में वृक्षारोपण किया जाएगा। जिसमें जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों के साथ आमजन शामिल होकर विभिन्न प्रजातियो के फलदार और छायादार पौधे रोपित करेंगे। क्षेत्रीय विधायक भी महासमुंद ब्लॉक के मचेवा में वृक्षारोपण करेंगे। विभिन्न समाजसेवी संगठन भी पौधे लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण को लेकर सबका मिशन एक है, लगायेंगे पौधा और पेड़ बनने तक उसकी परवरिश करेंगे। वन मंडलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वन विभाग की नर्सरियों से वृक्षारोपण के लिए यथाशीघ्र पौधे प्राप्त कर इसका उठाव करवा लें।
बता दें कि छत्तीसगढ़ के समस्त वन मण्डलों में इस वर्ष 22 हजार 960 हेक्टेयर रकबा में 2 करोड़ 13 लाख से अधिक का पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही कल शनिवार 11 जुलाई को राज्य के वन तथा वनोत्तर क्षेत्रों में 50 हजार किलो विभिन्न प्रजातियो के फलदार पौधों के बीज, 6 हजार 500 किलो सब्जी बीज और 25 लाख सीड बॉल की बुआई होगी। इसके अलावा राज्य के सभी गौठानों में लघु वनोपज पर आधारित विभिन्न प्रजाति के फलदार और छायादार लगभग 3.5 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है।