सिविल सर्जन डॉ. परदल ने सफलतापूर्वक पूरे किए दस बरस
"चिकित्सालय, मरीज और स्वस्थ्यकर्मीयों का ऐसा ख्याल रखा कि मानो अपना घर-परिवार, दस वर्षों में डॉ. परदल के अनुशासनप्रिय प्रबंधकीय योगदान को स्मरण कर स्वास्थ्य अमले ने प्रकट किया आभार"
महासमुंद। कुशल प्रशासक और भरोसेमंद चिकित्सक की दोहरी भूमिका में हमेशा से खरे उतरे सिविल सर्जन डॉ. आर.के. परदल ने पूरे किए दस साल। इन दस सालों में जिला चिकित्सालय ने कायाकल्प योजना (स्वच्छ अस्पताल) में अग्रणी पायदान और नेशनल क्वालिटी एसोयोरेन्स के प्रमाण पत्र से सुशोभित हुआ। साथ ही निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर, निःशुल्क डायलिसिस और प्रसव एवं शिशु स्वास्थ्य की उत्तम सेवाओं सहित नवजीवन एवं नव-आरोग्यम जैसी शासन की बहुतेरी महत्वकांक्षी योजनाओं में बेहरारीन प्रदर्शन कर नए आयाम गढ़े और न केवल राज्य एवं केंद्र स्तर पर भी अपनी साख बनाए रखने में बल्कि स्थानीय मरीजों का विश्वास जीतने में भी सफ़ल रहा। डॉ. परदल के व्यक्तित्व से प्रभावित स्वस्थ्यकर्मीयों की मानें तो उन्हें हमेशा पारिवारिक माहौल में काम करने का मौका मिला और इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता रहा, परिणामस्वरूप सरकारी इलाज के कमतर होने की भ्रांतियां तक को उपजने का अवसर न मिला।

इस ओर गुरूवार 16 जुलाई 2020 को स्वास्थ्य विभाग और जिला चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित स्वास्थ्यकर्मी एक संयुक्त परिवार के रूप में सम्मिलित हुए और फिजिकल डिस्टनसिंग का पालन करते हुए उनके अनुकरणीय मार्गदर्शन के लिए अप्रतिम आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.पी. वारे ने बताया कि सन 1955 में पंजाब के फिरोजपुर में जन्में डॉ. परदल की प्राथमिक शिक्षा भिलाई में हुई, स्नातक जबलपुर और स्नातकोत्तर की उपाधियाँ उन्होंने भोपाल से अर्जित कीं। शिशु स्वास्थ्य पर विशेष योगदान देने वाले डॉ. परदल टीकाकरण अधिकारी भी रहे, उन्होंने 16 जुलाई 2010 से बतौर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय की कमान सम्हाली और पद की गरिमा अनुरूप उत्कृष्ठ अधिकारी के कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया, सभी को चाहिए कि उनके आदर्शों पर चलने का अभ्यास करें। सिविल सर्जन के पद पर उनके दस कार्यकारी वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों में डॉ. एन.के. मंडपे, डॉ. अलका परदल, डॉ. आई. नागेश्वर राव, डॉ. लेखराम चंद्राकर, डॉ. के. गजभिये एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, अस्पताल सलाहकार डॉ. निखिल गोस्वामी, मेट्रन सिस्टर एस. तिग्गा सहित चिकित्सकगण व नसिंग स्टाफ़ ने हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सिविल सर्जन डॉ. परदल ने भी उनके कठिन वक़्त में सच्चे समपर्ण के लिए अपने सहयोगियों को साधुवाद ज्ञापित किया।