आज साउथ की ड्रीम गर्ल सौंदर्या का जन्मदिन है कैसे हुई थी  मौ... - CG Sandesh

आज साउथ की ड्रीम गर्ल सौंदर्या का जन्मदिन है कैसे हुई थी मौत आइए जानते है ?

अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों को जीतने वालीं और फिल्मी पर्दे पर अमिट छाप छोड़ने वालीं मशहूर अभिनेत्री सौंदर्या का जन्मदिन 18 जुलाई को होता है। सौंदर्या साउथ सिनेमा की शानदार अभिनेत्रियों में से एक थीं। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि फिल्म में उनकी झलक देखते ही लोग पागल हो जाते थे। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में सौंदर्या की तुलना बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी से होती थी। उन्हें साउथ की ड्रीम गर्ल कहा जाता था।सौंदर्या ने अपने छोटे से फिल्मी सफर में एक से बढ़कर एक फिल्में कीं। जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कारों से नवाजा गया। सौंदर्या ने साल 1992 में फिल्म गंधर्व से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषा में कई शानदार फिल्में कीं। सौंदर्या ने अपने पूरे फिल्मी सफर में केवल एक बॉलीवुड फिल्म थी जो आज भी काफी चर्चा में रहती हैं।

सौंदर्या बॉलीवुड के मेगास्टार अमिताभ बच्चन के साथ साल 1999 में आई फिल्म सूर्यवंशम में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके अभिनय ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। 12 साल के करियर में सौंदर्या ने 100 से भी ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया था। अभिनेत्री होने के साथ- साथ सौंदर्या फिल्म निर्माता भी थीं। उन्हें बेस्ट फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। सौंदर्या डॉक्टर बनना चाहती थीं। वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थीं, लेकिल फिल्मों के ऑफर मिलने की वजह से उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।शानदार अभिनेत्री होने के बावजूद सौंदर्या ने किसी फिल्मस्टार से नहीं बल्कि अपने बचपन के दोस्त और सॉफ्टवेयर इंजीनियर जीएस रघु से साल 2003 में शादी की थी, लेकिन अफसोस की बात यह है कि सौंदर्या लंबी जिंदगी नहीं जी सकीं।

सौंदर्या की साल 2004 में एयरक्राफ्ट दुर्घटना में मौत हुई थी। सौंदर्या भारतीय जनता पार्टी और तेलुगू देशम पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव प्रचार के लिए एक एयरक्राफ्ट में जा रही थीं। चार सीट वाले प्राइवेट एयरक्राफ्ट ने बंगलूरू के जक्कुर एयरफील्ड से उड़ान भरी और करीब 100 फीट ऊपर जाते ही क्रैश हो गया। एयरक्राफ्ट में सौंदर्या के साथ उनके भाई अमरनाथ, हिंदू जागरण समिति के सेक्रेटरी रमेश कदम और पायलट जॉय फिलिप मौजूद थे। इस हादसे में यह सभी लोग मारे गए थे। जिस समय यह हादसा हुआ 32 साल की सौंदर्या प्रग्नेंट थीं।


अन्य सम्बंधित खबरें