news-details

सुशांत सिंह राजपूत, 250 रुपये की कमाई में भी रहते थे खुश

बॉलीवुड के होनहार अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं हैं। 14 जून को सुशांत का शव उनके फ्लैट पर मिला था। सुशांत की सबसे खास बात थी कि वो जो भी काम करते थे उसे पूरी लगन और ईमानदारी से करते थे। जब उन्होंने पढ़ाई की तो हमेशा अच्छे विद्यार्थी रहे। जब उन्होंने डांस सीखा तो अच्छे डांसर बने और फिर टीवी के दिनों में भी वो हर घर में पहचाने गए।

सुशांत पढ़ने में बहुत होशियार रहे। 11वीं में वो फिजिक्स ओलिंपियाड में गए थे और वहां उन्हें गोल्ड मेडल मिला। दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में पढ़ाई करते हुए सुशांत को लगा कि उन्हें कुछ एक्स्ट्रा एक्टिविटी करनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने श्यामक डावर के डांस ग्रुप को जॉइन कर लिया। सुशांत ने देश-विदेश में कई शोज किए।

श्यामक डावर ने सुशांत की तारीफ की, इसके बाद उन्होंने बैरी जॉन के थियेटर ग्रुप को जॉइन कर लिया। इसके बाद सुशांत ने मुंबई की तरफ अपना रुख कर लिया। सुशांत ने अपने एक साक्षात्कार में बताया था कि संघर्ष के दिनों में वह छह लोगों के साथ कमरा साझा करते थे। इस दौरान उन्हें एक नाटक के 250 रुपए मिलते थे। शुरुआती दिनों में उन्होंने बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाई और उन्हीं पैसों से उन्होंने एक बाइक भी खरीदी।

मुंबई में कई साल संघर्ष करने के बाद सुशांत को 2008 में टीवी पर पहला ब्रेक बालाजी टेलीफिल्म्स के शो 'किस देश में है मेरा दिल' से मिला। इसके बाद सुशांत ने मुड़कर नहीं देखा और वो लगातार आगे बढ़ते रहे। पवित्र रिश्ता में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई और वो घर-घर में पहचाने जाने लगे।

साल 2013 में सुशांत ने 'काय पो छे' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसमें सुशांत के काम की काफी तारीफ हुई और उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड में बेस्ट मेल डेब्यू के लिए नॉमिनेशन मिला। इसके बाद 'शुद्ध देसी रोमांस', 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी' और 'पीके' जैसी फिल्मों में सुशांत नजर आए। साल 2016 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी का किरदार निभाकर सुशांत बॉलीवुड पर छा गए। बीते साल उनकी फिल्म 'छिछोरे' उनके करियर की पहली 100 करोड़ कमाने वाली फिल्म बनी।

ये बहुत दुखद कि इतना होनहार अभिनेता आज हमारे बीच नहीं है। सुशांत की मौत की खबर जिस वक्त फैली तब लोगों को भरोसा ही नहीं हुआ। सबके जेहन में एक ही सवाल था कि इतना काबिल और खुशमिजाज अभिनेता सुसाइड कैसे कर सकता है। फिलहाल अब सुशांत की कथित खुदकुशी की सीबीआई जांच कर रही है।

 





अन्य सम्बंधित खबरें