सुशांत सिंह राजपूत पर क्या CBI को सौंपा जाएगा केस? सुप्रीम कोर्ट आज अपना फैसला देगा..
सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच पर सुप्रीम कोर्ट आज सुबह 11 बजे अपना फैसला देगा. कोर्ट को यह तय करना है कि मामले की जांच कौन करेगा. मामले में 11 अगस्त को सुनवाई पूरी करने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया था. सुनवाई कर रहे जस्टिस ऋषिकेश रॉय ने सभी पक्षों को अपनी दलीलों पर संक्षिप्त लिखित नोट 13 अगस्त तक जमा करवाने की अनुमति दी थी. सभी पक्षों ने 13 अगस्त को अपना जवाब दाखिल कर दिया था.
महाराष्ट्र सरकार और रिया चक्रवर्ती ने सीबीआई की तरफ से दर्ज की गई एफआईआर को मुंबई पुलिस को सौंपने की मांग की है. इसका बिहार सरकार और सुशांत के पिता के वकील ने पुरजोर विरोध किया है. 14 जून को मुंबई के अपने फ्लैट में मृत मिले अभिनेता सुशांत सिंह का मामला सुप्रीम कोर्ट लेकर उनकी गर्लफ्रेंड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती आई थी. रिया ने अपने खिलाफ पटना में दर्ज हुई एफआईआर को मुंबई ट्रांसफर करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की थी.
सुशांत के पिता ने एफआईआर में रिया पर लगाया है ये आरोप सुशांत के पिता की तरफ से दर्ज एफआईआर में रिया के ऊपर सुशांत को परेशान करने, उसके करोड़ों रुपए रुपयों का गबन करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था. सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई से पहले ही बिहार सरकार ने केस सीबीआई को सौंपने की सिफारिश कर दी. इसे केंद्र सरकार ने मान लिया है.
सीबीआई से जांच कराने के मामले पर अकेली पड़ी शिवसेना सुशांत मामले की जांच कौन करेगा इस पर सुप्रीम कोर्ट आज फैसला सुनाएगा. हालांकि फैसले से पहले महाराष्ट्र में सत्तारुढ़ शिवसेना मामले की सीबीआई जांच ना कराने को लेकर अकेले पड़ती दिख रही है. एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बाद महाराष्ट्र सरकार में कांग्रेस के कोटे से मंत्री असलम शेख ने भी मामले को सीबीआई को सौंपने पर कोई दिक्कत ना होने की बात कही है. शेख ने कहा कि सुशांत के मामले में मुंबई पुलिस ने जांच की है. इसके बाद भी अगर केंद्र को लगता है तो ले सकते हैं. अगर केंद्र को लगता है सीबीआई इन्वेस्टिगेशन होना चाहिए तो कोई दिक्कत नहीं है. इससे पहले शरद पवार ने कहा था कि अगर सीबीआई जांच करती है तो हमे कोई आपत्ति नहीं है.