ठेला व्यवसाय का समय नहीं बढ़ाया तो आंदोलन - भाजपा
भाजपाइयाें ने शासन-प्रशासन द्वारा ठेला खोमचे वालों के लिए शाम 7 बजे तक
व्यवसाय करने के निर्देश का विरोध करते हुए इसे अव्यवहारिक बताया एवं इसे
वापस लेने की मांग की है। शीघ्र ही ठेले-खोमचे वालों के समय में वृद्वि के
लिए भाजपाइयाें ने आंदोलन करने की रणनीति बनाई है।
पूर्व विधायक एवं भाजपा
नेता डाॅ. विमल चोपड़ा, पार्षद देवीचंद राठी, फुटपाथ संघ के संरक्षक मोहन
साहू, अध्यक्ष सुरेश जलक्षत्री, पवन साहू, हनीश बग्गा, अरविंद प्रहरे ने
कहा कोरोना संक्रमण काल में फुटपाथ व्यवसायियों की रोजी-रोटी सबसे ज्यादा
प्रभावित हुई और अब सायं 5-6 बजे प्रारंभ होने वाले खोमचे वालों का व्यवसाय
तुगलकी फरमान से चौपट हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि बल पूर्वक ठेला
व्यवसायियों का व्यवसाय बंद कराना शासन की गरीब विरोधी नीति का अंग बन चुका
है। कोरोना संक्रमण काल में छत्तीसगढ़ शासन ने ग्रामीणों एवं शहरी जनता से
जो छल किया है उसे वर्षों तक याद किया जाएगा। डाॅ. चोपड़ा ने कहा कि गरीब
ठेले वालों की चिंता कर केन्द्र सरकार ने दस-दस हजार की ब्याज मुक्त सहायता
दे रही है, वहीं राज्य सरकार उनके पेट में लात मारने का काम कर रही है।