अमाल मलिक सलमान खान के फैंस से ट्विटर पर भिड़े, ट्विटर पर शुरू हुआ वॉर..
ट्विटर पर अक्सर बॉलीवुड सेलेब्स को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। जरूरी नहीं कि इसके लिए सेलिब्रिटी विवादित बयान ही दे, यहां अपनी पसंद जाहिर करने भी ट्रोलर्स उनके पीछे पड़ जाते हैं। हाल ही में ऐसा ही कुछ हुआ संगीतकार और गायक अमाल मलिक के साथ। उन्होंने खुद को शाहरुख खान का फैन बता दिया, ये बात सुनकर सलमान खान के फैंस भड़क गए और ट्विटर पर एक वॉर शुरू हो गया। दरअसल अमाल मलिक ने किसी इंटरव्यू में कह दिया कि वो शाहरुख खान के फैन हैं। ये बात सलमान खान के फैंस को नागवार गुजरी और उन्होंने अमाल को ट्रोल करना शुरू कर दिया। क्योंकि सलमान ने अपनी फिल्म जय हो से अमाल को पहला ब्रेक दिया था, लिहाजा फैंस भड़क गए।
अमाल मलिक ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'आज दुनिया को दिख गया कि इन अनपढ़ भाईटार्ड्स की क्या औकात है। यह सब शाहरुख खान को फेवरेट एक्टर बताने से शुरू हुआ और यह बेवकूफ पागल हो गये। मैं सलमान खान की इज्जत करता हूं। उन्होंने मुझे लॉन्च किया था। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि उनके फैंस की बदतमीजी बर्दाश्त करूंगा।'
अमाल को ट्रोल करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'वाकई देखकर चौंक गए अमाल मलिक। लड़कियों के लिए भी ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग। आपने तो उन ट्रोलर्स से भी बदतर भाषा का इस्तेमाल किया। कभी किसी सेलिब्रिटी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी थर्ड क्लास एक्टिविटी करते नहीं देखा।' ट्रोलर्स यहीं नहीं रूके और उन्होंने अमाल को गालियां देना शुरू कर दिया।
अमाल मलिक का भी ये देखकर पारा चढ़ गया और उन्होंने गालियों के बदले गाली देना शुरू कर दिया। कई घंटों तक ट्विटर पर ये बवाल चलता रहा। इसके बाद अमाल ने एक ट्वीट किया, '- यह देखकर अच्छा लगा कि भाईटार्ड्स मेरे ट्वीट को रिपोर्ट कर रहे हैं और अपने डिलीट कर रहे हैं। उम्मीद है, लोग इससे कुछ समझ पाएंगे कि आप लोगों को उनकी पसंद बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। आपकी अपनी है, मेरी अपनी है। कितने बार लिखना पड़ेगा। पता नहीं। लगता है, यह लोग थकते नहीं बेइज्जत होकर भी।'
बता दें कि अमाल मलिक म्यूजिक डायरेक्टर डब्बू मलिक के बेटे और अनु मलिक के भतीजे हैं। अमाल के भाई अरमान मलिक भी मशहूर गायक हैं। अमाल ने हुआ है आज पहली बार, सब तेरा, बोल दो न जरा, कौन तुझे जैसे गानों में संगीत दिया है।