यश चोपड़ा के जन्मदिन पर आलीशान संग्रहालय बनाने की योजना..
यशराज फिल्म्स की 50वीं वर्षगांठ को यश चोपड़ा की जयंती पर मनाने की उनके बेटे आदित्य चोपड़ा की पूरी तैयारी है। वह इस समारोह को आकर्षित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। सूत्रों से मिली खबर के मुताबिक आदित्य ने 27 सितंबर यानी यश चोपड़ा के जन्मदिन पर यशराज फिल्म्स के 50 सालों के काम को एक म्यूजियम में समेटने की योजना बनाई है।
यश चोपड़ा का सपना था कि वह अपने स्टूडियो के अंतर्गत बनने वाली फिल्मों को सालों साल यादगार बनाने के लिए एक संग्रहालय बनाएंगे। जिसमें इन फिल्मों से जुड़ी सामग्रियों और सेट्स के डिजाइन दिखाए जाएंगे। यशराज फिल्म्स को सिनेमा में पांच दशक पूरे हो चुके हैं। इस दौरान इस स्टूडियो के अंतर्गत बनी फिल्मों के सेट और शूटिंग के दौरान इस्तेमाल हुई सामग्री को इस संग्रहालय में जगह दी जाएगी। हालांकि इसे बनने में तो अभी समय जाएगा। जैसे ही यह संग्रहालय बनकर तैयार हो जाएगा, फिर इसे आम लोगों के लिए खोला जाएगा। जहां लोग यशराज फिल्म्स की 50 साल की विरासत को देख सकेंगे।
यश चोपड़ा को अपने स्टूडियो का एक संग्रहालय बनाने का विचार अमेरिका के फॉक्स स्टूडियो की तर्ज पर आया था जिसमें सिनेमा के इतिहास की जानकारी फोटो और वीडियोज के जरिए संकलित है। आदित्य चोपड़ा इस समय इस समारोह के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों का एक पुख्ता खाका तैयार कर रहे हैं। यश चोपड़ा के इस जन्मदिन को खास बनाने के लिए स्टूडियो कुछ बड़े अभिनेताओं के साथ बड़ी फिल्मों की घोषणा करेगा। इन कलाकारों में शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, विकी कौशल जैसे अभिनेताओं की फिल्में शामिल हैं। साथ ही वह अपनी कंपनी का लोगो देश की अन्य प्रमुख भाषाओं में भी रिलीज करेगा।