नयापारा में प्रसूताओं को भाने लगा नवनिर्मित हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर, इस माह 16 सफलतम डिलिवरी
महासमुंद। पटरी पार के स्थानीय निवासियों को हाल ही में मिले हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर नयापारा में विगत माह भर में सोलह गर्भवती माताओं ने हष्ट-पुष्ट शिशुओं को जन्म दिया। बिना परेशानी अपने ही क्षेत्र मिली इन प्रसव सेवाओं में जच्चा और बच्चा के स्वस्थ होने से स्थानीय लोग घर प्रसव छोड़ कर अस्पताल प्रसव को प्राथमिकता देते नजर आ रहे हैं।
जिला स्वास्थ्य से मिली जानाकरी के अनुसार वर्तमान सत्र में जुलाई से अगस्त माह के बीच कुल सोलह प्रकरणों में अस्पताल प्रसव की क्रिया सकुशल संपन्न हुई। यह क्षेत्रवासियों को मिली नवनीनतम सेवा सुविधा है। इसके पूर्व उन्हें पटरी पार कर जिला चिकित्सालय या अन्यत्र जाने की बाध्यता होती थी। किंतु, पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा इस ओर लिए गए विशेष संज्ञान के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एस.पी. वारे ने भी प्राथमिकता के आधार पर लिया और औचक निरीक्षण के दौरान पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों सहित चिकित्सकीय दल को हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर नयापारा को प्रसूति प्रकरणों के लिए रोल माॅडल के रूप में विकसित करने की दिशा में लक्षित किया था। जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार ने बताया कि नवनिर्मित सेवाओं में प्रसूति प्रकरणों में प्राप्त वर्तमान आंकड़े बहुत प्रभावी हैं। अन्य हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर्स में भी इसका अनुकरण किया जाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि प्रसूति सेवाओं में बढ़ोत्तरी को लेकर हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर नयापारा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अनिमेस राय, चिकित्सक डाॅ. अलविया अराबा दास, स्टाफ नर्स श्रीमती प्रार्थना दयाल एवं फार्मासिस्ट श्री यशवंत सहित संलग्न चिकित्सकीय दल का योगदान सराहनीय रहा। जिसमें सफलतम प्रसूति सेवाओं सहित डाॅ. खूबचंद बघेल योजना के लाभ के साथ-साथ संस्था द्वारा नवजात शिशु को संस्था द्वारा जन्म प्रमाण पत्र एवं भोजन इत्यादि की व्यवस्था भी प्रदाय की जा रही है।