हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन कोरोना संक्रमित पाए गए, रोकी गई 'द बैटमैन' की शूटिंग
मशहूर अमेरिकी अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हाल ही में पैटिनसन ने 'द बैटमैन' की शूटिंग लंदन में शुरू की थी जिसे अब रोक दिया गया है। हालांकि पैटिनसन की तरफ इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
इस बारे में जानकारी देते हुए वार्नर ब्रदर्स के प्रवक्ता ने कहा, 'द बैटमैन प्रोडक्शन का एक सदस्य कोरोना संक्रमित पाया गया है। प्रोटोकॉल के अनुसार अब वो आइसोलेशन में है। फिलहाल शूटिंग को अस्थायी रूप से रोका गया है।'
मैट रीव्स की फिल्म 'द बैटमैन' की लंबे समय से चर्चा हो रही थी। लॉकडाउन की वजह से फिल्म की शूटिंग रोक दी गई थी। एक सितंबर से ही शूटिंग फिर से शुरू हुई थी लेकिन अब रॉबर्ट पैटिनसन के संक्रमित होने के बाद इसे रोकना पड़ा है। फिल्म के निर्देशक मैट रीव्स के ने कहा था इस फिल्म की तीन महीने की शूटिंग बाकी है। जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। मेकर्स फिल्म की शूटिंग को साल के अंत तक खत्म करना चाहते हैं। जिससे 2021 में रिलीज होने के लिए फिल्म पूरी तरह से तैयार रहे। बता दें कि फिल्म से रॉबर्ट पैटिनसन का फर्स्ट लुक फरवरी में रिलीज किया गया था।
रॉबर्ट पैटिनसन से पहले क्रिस्चन बेल बेन अफ्लेक और जॉर्ज क्लूनी जैसे कलाकार बैटमैन का किरदार निभा चुके हैं। बैटमैन में जोई क्रैविट्स कैटवूमेन के किरदार में, पॉल डैनो रिडलर के किरदार में, ऐंडी सरकिस अल्फ्रेड पेनीवर्थ के किरदार में, कॉलिन फरेल पेंग्विन के किरदार में और जेफरी राइट जिम गॉरडन के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म 25 जून साल 2021 को रिलीज होनी है।