वकील विकास सिंह ने कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत को कोई परेशानी नहीं थी,रिया चक्रवर्ती के आने के बाद बिगड़ी हालत'..
सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने कहा है कि सुशांत की मौत केस में मुंबई पुलिस ने जांच को भटकाया। सिंह ने दावा किया कि सीबीआई, ईडी और एनसीबी जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा करेंगे। सिंह ने शुक्रवार को कहा, मुंबई पुलिस ने जांच में समय बर्बाद किया। मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। मामले में ईडी और सीबीआई ने जांच शुरू की। इसके बाद एनसीबी भी जांच में जुटी है। मुझे भरोसा है कि तीनों एजेंसियां मामले में जल्द बड़ा खुलासा करेंगी।
एएनआई से बात करते हुए विकास सिंह ने कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत को 2019 तक कोई परेशानी नहीं थी। रिया चक्रवर्ती के उसकी जिंदगी में आने के बाद से ही वह बेचैन रहने लगा था। उसके परिवार को लगा ये बस किसी तरह की घबराहट का दौरा मात्र है और इलाज भी करवाया, लेकिन परिवार को क्या पता था कि असल में यह बाइपोलर डिसऑर्डर या अवसाद है।'
इससे पहले विकास सिंह ने कहा था कि सुशांत के परिवार को लगता है कि उनके बेटे की हत्या हुई है। विकास सिंह के मुताबिक पहले ऐसा लग रहा था कि सुशांत को आत्महत्या करने के लिए उकसाया गया था और इस बात का जिक्र पटना में दर्ज की गई एफआईआर में भी था। लेकिन अब सुशांत का परिवार मानता है कि ये मामला सिर्फ उकसाने का नहीं है। उनको अब ये आत्महत्या से ज्यादा मामला हत्या का नजर आ रहा है।
मराठी में दर्ज किया बयान विकास सिंह ने सुशांत की बहनों का मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज किए गए बयान को लेकर कहा था, 'हमें वो पता है जो हमने उनको बताया, हमें ये नहीं पता जो उन्होंने दर्ज किया। क्योंकि सुशांत के परिवार को मराठी नहीं आती है और मुंबई पुलिस ने मराठी में बयान दर्ज किया और साइन करवा लिया। ऐसे में बिहार में दर्ज करवाई गई एफआईआर को प्राथमिकता देनी चाहिए।'
सुशांत केस में गिरफ्तारी शुक्रवार रात नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने रिया के भाई शोविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया। शोविक के साथ सुशांत के पूर्व हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा की भी गिरफ्तारी हुई। एनसीबी इन दोनों से पूछताछ की थी जिसमें कई अहम खुलासे हुए थे।