एनसीबी ने मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के आरोप में,रिया चक्रवर्ती को भेजा गया जेल..
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को उनके 'लिव इन पार्टनर' सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मादक पदार्थों से जुड़े आरोपों के सिलसिले में तीन दिनों तक पूछताछ करने के बाद मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद रिया का मेडिकल टेस्ट हुआ और बाद में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी। बेल की अर्जी खारिज होने के बाद रिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत के आदेश दिए गए। जिसके बाद रिया ने एनसीबी सेल में ही रात काटी और अब उनको भायखला जेल भेज दिया गया है।
रिया की गिरफ्तारी के बाद एनसीबी के उप निदेशक के. पी. एस. मल्होत्रा ने बताया था, 'रिया को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके परिवार को इस बारे में सूचना देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।' वहीं रिया ने एनसीबी अधिकारियों के साथ अस्पताल जाते वक्त वाहन में प्रवेश करने से पहले मादक पदार्थ रोधी एजेंसी के दक्षिण मुंबई स्थिति कार्यालय के बाहर खड़े मीडियाकर्मियों की ओर अपने हाथ लहराये।
याद दिला दें कि रिया ने हाल ही में टीवी चैनलों को दिये साक्षात्कार में इस बात से इनकार कर किया था उन्होंने मादक पदार्थों का सेवन किया था। एनसीबी के अलावा रिया से सीबीआई की जांच टीम ने भी हाल ही में पूछताछ की थी। वहीं रिया से धन शोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी पूछताछ की थी। एनसीबी ने मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के आरोप में हाल ही में रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत के मैनेजर सैमुअल मिरांडा को गिरफ्तार किया था। एनसीबी ने रिया से तीन दिन तक 19 घंटे पूछताछ की। एनसीबी ने रिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 20(बी), 27(ए), 28 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। सेक्शन 8-सी के तहत प्रतिबंधित दवाओं को गैरकानूनी तरीके से खरीदने और इस्तेमाल करने पर 10 साल की सजा का प्रावधान है। वहीं, 20 बी में गांजे का ट्रांसपोर्ट करना, 27 के तहत ड्रग्स की खरीद-फरोख्त करना और फाइनेंस करना है। धारा 28 गैरकानूनी कार्य करना और 29 अपराधिक साजिश का मामला है।
गौरतलब है कि सुशांत का शव 14 जून को यहां उनके बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मिला था। सुशांत की मौत के कुछ दिन बाद सुशांत के पिता ने पटना में रिया के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने रिया पर उनके बेटे को आत्महत्या के लिये उकसाने और उसके धन का गबन करने का आरोप लगाया था। रिया ने कई मौकों पर इन आरोपों से इनकार किया है।