प्लेसमेंट एजेंसी ना सिर्फ स्थानीय कर्मचारियों के साथ छल कर रही है बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है : हरदीप सिंह रैना
महासमुंद जिले में संचालित शराब दुकानों में कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों को हटाकर बाहरी राज्यों से आए व्यक्तियों को प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा बिना पुलिस वेरिफिकेशन और डॉक्टरी जांच के रख लिया गया है. जिसका नगरपालिका सभापति हरदीप सिंह रैना ने विरोध करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित शराब दुकानों में प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए कर्मचारियों की नियुक्ति होती है. उन्होंने कहा कि पूर्व में बड़ी राशि गबन के मामले महासमुंद जिले में आए हैं ऐसे में अधिकारियों की लापरवाही के कारण स्थानीय कर्मचारियों को हटाकर बाहरी राज्य से आए लोगों को नौकरी पर बिना पुलिस वेरिफिकेशन और डॉक्टरी जांच के रखकर प्लेसमेंट एजेंसी ना सिर्फ स्थानीय कर्मचारियों के साथ छल कर रही है बल्कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है.
नगर पालिका सभापति हरदीप सिंह रैना ने मांग की है की तत्काल बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन किया जाए तथा स्थानीय लोगों को वापस काम पर रखा जाए, स्थानीय कर्मचारियों को पुनः वापस काम पर ना रखे जाने की स्थिति में प्लेसमेंट एजेंसी और आबकारी अधिकारियों की शिकायत सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद तथा मंत्री कवासी लखमा से की जाएगी.
सभापति रैना ने कहा कि हम स्थानीय युवाओं के साथ खड़े हैं हम चाहते हैं कि हमारे जिले के हमारे विधानसभा के बेरोजगार युवकों को रोजगार मिले उनके हक पर डाका डालने का अधिकार हम प्लेसमेंट एजेंसी को नहीं देंगे.
सभापति रैना ने बताया कि जिन ने स्थानीय युवकों को प्लेसमेंट एजेंसी ने शराब दुकान में काम से हटा दिया है वे लोग अपनी समस्या और व्यथा लेकर हमारे पास आए और उन्होंने बताया कि हमें हटा करके बिना जांच पड़ताल के बाहरी युवकों को काम पर रख लिया गया है जिसके कारण हमारे को आगे रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई है.