news-details

देश में पांच दिन हो सकती है भारी बारिश, 15 दिन देरी से उत्तर भारत छोड़ेगा मानसून

भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को अगले 5 दिन तक पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की। उधर, निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने भी कहा है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से अगले 24 घंटे के दौरान नई मानसूनी हवाओं का सिस्टम बन सकता है। इस सिस्टम के कारण मानसून के इस बार अपने अनुमानित समय से 15-20 दिन देरी से लौटने के आसार बन गए हैं।

मौसम एजेंसियों ने कहा, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र का दिखेगा असर

मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, अगले 12 घंटे के दौरान पर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, तेलंगाना, तटीय आंध्र, तटीय कर्नाटक, केरल, रायलसीमा, कोंकण और गोवा में अगले 12 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर हल्की गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। साथ ही मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिन के दौरान पश्चिम बंगाल के हिमालयी हिस्से, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश होने के आसार जताए हैं।

स्काईमेट ने कहा, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे ओडिशा के इलाकों में विकसित हो रहा है। इसके चलते तकरीबन दो सप्ताह तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों तरफ से नई मानसूनी हवाएं गंगा के मैदानी भागों (उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल) से लेकर राजस्थान तक चलती रहेंगी। इसका असर उत्तर भारत से मानसून की वापसी पर पड़ेगा। अमूमन दिल्ली से 21 सितंबर को वापस लौटने वाला मानसून इस बार 15 दिन देरी से लौटेगा। इसका असर उत्तर भारत में मानसूनी बारिश पर दिखाइ देगा, जो अक्तूबर के पहले या दूसरे सप्ताह तक जारी रह सकती है।




अन्य सम्बंधित खबरें