news-details

पिछले तीन दिनों में अलग-अलग बीमारियों से ग्रसित चार की मृत्यु

विगत तीन दिनों में चार लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एस.पी. वारे से मिली जानकारी के मुताबिक इनमें बुधवार 16 सितंबर 2020 को ग्राम चारभाठा, सरायपाली की रहने वाली 45 वर्षीय महिला की मेकाहारा में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उन्हें पहले से ही दाहिने अंगों में लकवा के अतिरिक्त निमोनिया और अनियमित रक्तचाप की समस्या थी। पूर्व में उनका काफी उपचार भी चल रहा था। जाॅच के दौरान उन्हें कोविड-19 का धनात्मक पाया गया था।

दूसरे प्रकरण में गुरूवार 17 सितंबर 2020 को ग्राम गढ़फुलझर, बसना के 40 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मेकाहारा में मृत्यु हुई। बताया जा रहा है कि वे भी कोविड-19 के धनात्मक थे। उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ बढ़ गई थी।

वहीं तीसरे मामले में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ. आर.के. परदल ने शुक्रवार 18 सितंबर 2020 को एक 35 वर्षीय युवक की ब्राॅथ डेड होने की पुष्टि की है। युवक की सांसें चिकित्सालय में भर्ती करने के पहले ही थम चुकी थीं। मरणोपरान्त मृतक के शरीर से कोविड-19 के नमूनों की जांच की गई, जिसमें वह कोविड-19 के धनात्मक निकला। मोहल्लेवासियों के अनुसार वह पिछले दो-तीन दिनों से घर से बाहर नहीं निकला था, जब उन्हें देखा गया तो वह बेहोश मिला। तत्काल उन्हें अस्पताल लाया गया। जहां प्रारम्भिक जांच के दौरान ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डाॅ. वारे ने बताया कि कोविड-19 के निर्धारित प्रोटोकाॅल में संबंधित क्षेत्र के एक दण्डाधिकारी और चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में सभी का विधिवत अंतिम संस्कार किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक आवश्यक प्रबंध किए जा रहे थे।

वही एक अन्य प्रकरण में गुरूवार 17 सितंबर 2020 को सरायपाली के बालसी गांव के रहने वाले 43 वर्षीय व्यक्ति की भी उपचार के दौरान राजधानी के एक निजी चिकित्सालय में मृत्यु हो गई। वे भी कोविड-19 के धनात्मक मिले थे। शुक्रवार 18 सितंबर 2020 को उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार कोविड-19 के निर्धारित प्रोटोकाॅल के तहत किया गया।





अन्य सम्बंधित खबरें