रेलवे स्टेशन पहुँचा हाथी, लोगों ने छिपकर बचाई जान, इलाके में दहशत
जिले के अरंड रेल्वे स्टेशन में गुरुवार सुबह 6 बजे एक दंतैल हाथी टहलते-टहलते पहुँच गया। हाथी ने देर तक स्टेशन में चहलकदमी की उसके बाद वापस जंगल की ओर लौट गया। जिला मुख्यालय महासमुंद के समीप के रेलवे स्टेशन अरंड में आज एक विशाल हाथी ट्रैक से होते हुए स्टेशन पर पहुंच गया। अचानक हाथी के आगमन से रेलवे कर्मियों में हड़कम्प मच गई थी। सूचना के बाद वन अमला अरण्ड स्टेशन पहुंच गए है। वनों में मानव हस्तक्षेप बढ़ने के साथ ही विगत दशक बधर से छत्तीसगढ़ में ठिकाना ढूंढ रहे हाथी कभी खुद ही किसी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं तो कभी इन हाथियों द्वारा भूख से परेशान होकर मानव सहित अन्य प्राणियों पर हमला भी किया जा रहा है। कुछ ऐसे ही हालात जिले की उड़ीसा सीमा एवं बार अभ्यारण्य सीमा से लगे ग्रामों में हो रहे हैं।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार आज अलसुबह विशालकाय हाथी को स्टेशन की ओर बढ़ता देख कर रेलवे के अधिकारी कर्मचारियों में दहशत फ़ैल गई। ये कर्मी जिधर जगह मिली उधर भागे और छुपने लगे। इस बीच हाथी को देख एक कुत्ता भौंकने लगा, जिससे हाथी आक्रामक होकर स्टेशन में घुस गया। हाथी आक्रामक तरीके से रेलवे पटरी के पास लगे लोहे की मजबूत जाली को तोड़कर स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंच कर विचरण करने लगा। वन विभाग ने काफी मशक्कत कर गुस्सैल हाथी को आबादी से बाहर खदेड़ कर ग्रामीणों को अलर्ट किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने घर से नहीं निकलें। ज्ञात हो कि अरंड रेलवे स्टेशन महासमुन्द से उड़ीसा की ओर जाने वेक रेल मार्ग में 8 किलोमीटर दूर यह पहला स्टेशन है। परन्तु बहुत छोटा स्टेशन होने के कारण लोकल यात्री ट्रेन छोड़ कोई भी ट्रेन यहां नहीं रुकती।
वन विभाग के एसडीओएसएस नाविक ने बताया कि हाथी अकेला है और झुंड से अलग अपने स्थायी रहवास के लिए जगह तलाशने निकला है। परन्तु किसी ना किसी कारण से दुर्घटनाएं हो रही है। कोशिश की जा रही है कि हाथी से किसी भी ग्रामीण का नुकसान न हो और ना ही हाथी का कोई नुकसान हो। बहरहाल ग्रामीण क्षेत्रों में हाथी के आसपास होने के कारण अलर्ट रहने की मुनादी करवा दी गई है। पूरा वन अमला लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।