कोविड टेस्ट पॉजिटिव या निगेटिव, सीजी हेल्थ की वेबसाइट पर घर बैठे मिलती है रिपोर्ट
कोविड-19 की जांच कराने वाले प्रकरणों में मरीजों को उनकी रिपोर्ट महज एक क्लिक पर मिलने लगी है। स्वास्थ्य विभाग के वेब पोर्टल सीजीहेल्थ.एनआईसी.इन पर जाकर प्रदेश का कोई भी व्यक्ति, जिसने 05 सितम्बर 2020 के बाद कोविड-19 की जांच कराई है, अपनी रिपोर्ट देख सकता है, साथ ही यह पोर्टल रिपोर्ट को सेव करने व हार्ड काॅपी में प्रिंट लेने की सुविधा भी प्रदाय करता है।
कोरोना वायरस नियंत्रण एवं रोकथाम दल के डिस्ट्रिक्ट सर्विलेन्स ऑफिसर ने बताया कि इसके लिए जांच कराए हुए व्यक्ति को अपने मोबाइल फोन या कम्प्यूटर पर सीजीहेल्थ.एनआईसी.इन का वेब पोर्टल खोलना होता है। इसके बाद डिस्प्ले स्क्रीन पर खुलने वाली विन्डो में ’चेक योर कोविड टेस्ट रिजल्ट’ लिखा दिखाई देगा, इस पर क्लिक करते ही संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर पूछा जाएगा जो उसने कोविड-19 की जांच कराते समय पंजीकृत कराया है। मोबाईल नम्बर डाल कर उसे “रिक्वेस्ट फाॅर ओ.टी.पी.” पर क्लिक करना होगा। क्लिक करने के बाद उस नंबर (जांच के दौरान पंजीकृत किया गया नंबर) पर ओ.टी.पी. आएगा। जिसे पोर्टल में डालने पर संबंधित व्यक्ति की कोविड-19 जांच रिपोर्ट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी। अगले क्रम में “व्यू योर रिपोर्ट” में क्लिक करने पर पूरी रिपोर्ट दिखाई देने लगेगी, जिसे सेव कर के प्रिंट भी लिया जा सकता है।